नकुड़। तीन लोगों पर खुद को पत्रकार बताकर खनिज कारोबारी से महीना वसूलने का आरोप लगा है। दोबारा महीना मांगने का विरोध करने पर पिटाई करते हुए 16 हजार रुपये लूटने के आरोप में पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर एक नामजद और दो अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित मुर्ताजिम निवासी मानकमऊ ने बताया कि वह हरियाणा के गुमथला घाट से 15 नंबर खान से सरकारी रॉयल्टी देकर रेत का परिवहन करता है। आरोप है कि करीब दो माह पूर्व वह गाड़ी में रेत भरकर गांव नसरुल्लागढ़ के रास्ते नकुड़ आ रहा था। रास्ते में गांव नसरुल्लागढ़ निवासी आबिद ने गाड़ी रोक ली। खुद को पत्रकार बताते हुए उसने खनिज परिवहन के नाम पर पैसे की मांग की। पीड़ित का आरोप है कि आबिद ने उस समय सात हजार रुपये नकद और तीन हजार रुपये दानिश नाम के व्यक्ति के नंबर पर फोन-पे से ट्रांसफर करा लिए। इससे पहले भी आबिद उससे ऑनलाइन व नकद करीब सात हजार रुपये वसूल चुका था।
पीड़ित के अनुसार 10 नवंबर को वह कार लेकर यमुनानगर से गांव नसरुल्लागढ़ होते हुए अपने घर जा रहा था। गांव शुक्रताल के पास आबिद ने अपने दो साथियों के साथ उसे रोक लिया और महीना वसूली की रकम मांगने लगा। जांच अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि लगाए गए आरोपों की सत्यता परखी जा रही है।