खेड़ा अफगान/छुटमलपुर। चोरों ने खेड़ा अफगान में श्मशान घाट और छुटमलपुर के खुजनावर गांव में नदी में खड़े पेड़ों को चोरी से काट लिया है।
चोरों ने नकुड़ कोतवाली के खेडा अफगान, भूरीबांस व कलरी गांव के संयुक्त श्मशान घाट में खड़े शीशम के पेड़ काटकर गायब कर दिए। खेड़ा अफगान के ग्रामीण संजय, अमित ओमपाल आदि ने बताया की शुक्रवार देर रात आरी और कुल्हाड़ी की आवाज सुनाई दी थी, लेकिन किसी ने अंदाजा नहीं लगाया कि श्मशान घाट से ही पेड़ काटे जा रहे हैं। सुबह ग्रामीणों को घटना की जानकारी हुई जिससे उनमें आक्रोश व्याप्त हो गया।
मौके पर पहुंचे लोगों ने देखा कि कई बड़े शीशम के पेड़ जड़ों से काटकर मोटर साइकिलनुमा रेहडे में भरकर ले जाए गए हैं। ग्रामीणों ने क्षेत्र में पुलिस की गश्त बढ़ाने के साथ ही आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है। उधर, फतेहपुर थाने के गांव खुजनावर की नदी में खड़े यूकेलिप्टिस के 150 पेड़ किसी ने चोरी से काट कर लकड़ियां भी गायब कर दी। हल्का लेखपाल मनोज गुप्ता ने थाने पर तहरीर दी है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही लकड़ी चोरों को पकड़ लिया जाएगा। संवाद