सहारनपुर। थाना जनकपुरी क्षेत्र के रहने वाले कारोबारी ने दंपती समेत पांच लोगों पर धोखाधड़ी, मारपीट और लूटपाट का आरोप लगाया है। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने सभी के खिलाफ केस दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है।
मोहल्ला खानआलमपुरा में पीपल वाली गली के रहने वाले मोहम्मद अरशद राणा ने बताया कि भारत इंजीनियर्स के नाम से स्क्रैप व हाउस सोल का कारोबार करता है। इसी व्यवसाय के चलते अगस्त 2022 में उनकी जान-पहचान पंकज थापर से हुई। विपक्षी पंकज थापर की ब्रह्मा रीसाइकिल्स एसआरएल नामक फर्म रोमानिया (यूरोप) में रजिस्टर्ड है। पीड़ित ने पंकज से स्क्रैप का सामान खरीदने का एग्रीमेंट एक सितंबर 2022 को किया था। इसके लिए पीड़ित ने रोमानिया स्थित बैंक खाते में 9,87,548 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए।
पीड़ित कारोबारी का आरोप है कि भुगतान के बावजूद पंकज ने कोई माल सप्लाई नहीं किया। बाद में भारत लौटने पर पंकज ने उसे और रुपये देने का झांसा दिया। यदि 45 लाख रुपये की मदद कर दी जाए तो वो पूरा माल व भुगतान लौटा देगा। पांच सितंबर 2025 को कुछ लोग इंडस्ट्रियल एरिया देहरादून रोड स्थित कार्यालय पहुंचे। रुपयों के लेनदेन पर मारपीट हो गई। पीड़ित ने गले से सोने की चेन लूट का आरोप लगाया। इस मामले में पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इसके बाद पीड़ित ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। अब पुलिस ने पंकज थापर, नेहा थापर, निशांत कुमार और दो अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।