मुसीबत बन गए जुगाड़ से बनाए गए ये वाहन
सहारनपुर। महानगर में पुराने स्कूटर और बाइक को मोडीफाई कर माल ढोने वाले वाहन बना दिए गए हैं जो जिले की सड़कों पर बिना रोकटोक के फर्राटा भर रहे हैं। इन वाहनों की वजह से बाजारों में जाम लग रहा है। खास बात यह है कि इन दिनों यातायात माह चल रहा है, लेकिन ऐसे वाहनों के खिलाफ अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
महानगर में पुराने स्कूटर और बाइक का रेहड़ा बना दिया गया है। तीन पहिया माल ढोने वाले इन वाहनों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। इन वाहनों का पंजीकरण भी नहीं होता है। शहर में मोरगंज बाजार, शहीदगंज बाजार, बोमंजी रोड, सब्जी मंडी, चौक फव्वारा, भगत सिंह चौक, रायवाला, मंडी समिति रोड पर इन वाहनों की सबसे ज्यादा संख्या है। इन बाजारों की सड़कें संकरी हैं। वाहनों पर क्षमता से अधिक माल लाद लिया जाता है, जिस कारण आमने-सामने दो से अधिक जुगाड़ वाहन आ जाएं तो बाजार में जाम लग जाता है। इन वाहनों की अत्यधिक संख्या होने की वजह से पुराने शहर में रोजाना जाम लग रहा है। इन दिनों यातायात माह चल रहा है, लेकिन यातायात पुलिस की ओर से जुगाड़ वाहनों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जा रही है। पुलिस दावा कर रही है जल्द अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी।
निकलना हो जाता है मुश्किल
सहारनपुर। जुगाड़ वाहनों की वजह से मोरगंज बाजार, दालमंडी पुल, शहीद गंज बाजार, चौकी सराय, चौक फव्वारा, सब्जी मंडी, नया बाजार, नखासा बाजार, रांघड़ो का पुल, कंबोह का पुल और मंडी समिति रोड पर यातायात व्यवस्था सबसे ज्यादा प्रभावित होती है। यहां दुपहिया वाहनों का निकलना मुश्किल हो जाता है। इसके साथ ही जाम लगने की वजह से पैदल चलने वाले नागरिकों को परेशानी उठानी पड़ती है।
बोले लोग, होनी चाहिए कार्रवाई
सहारनपुर। रायवाला के कपड़ा कारोबारी चरणजीत सिंह मिगलानी का कहना है कि जुगाड़ वाहनों की वजह से शहर की यातायात व्यवस्था बेहद खराब है। रायवाला बाजार में तो निकलना मुश्किल हो जाता और जाम लगा रहता है।
गुरुद्वारा रोड निवासी विपिन सलूजा का कहना है कि इन वाहनों की संख्या निर्धारित की जाए। अत्यधिक संख्या होने की वजह से यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है। जिला अस्पताल चौक के दवा कारोबारी प्रवीन खुराना का कहना है कि जुगाड़ वाहनों के रूट निर्धारित किए जाएं। एक ही मार्गों पर अत्यधिक वाहनों का संचालन होता है। इन का प्रयोग माल ढोने के लिए किया जाता है। इनकी आवश्यकता भी है, लेकिन संख्या अधिक होने की वजह से आधा शहर में जाम की स्थिति रहती है।
यातायात माह में अभी तक इन नियमों के उल्लंघन पर हुई कार्रवाई
नियम-----------------चालान की संख्या
हेलमेट-----------------2125
सीट बेल्ट---------------128
बिना लाइसेंस-----------990
फोन पर बात करते हुए वाहन चलाने पर-------54
गलत नंबर प्लेट--------150
संभागीय परिवहन विभाग (आरटीओ) के साथ मिलकर जुगाड़ वाहनों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई करने का प्लान तैयार किया गया है। यातायात पुलिस जल्द कार्रवाई करेगी। इन वाहनों की वजह से यातायात व्यवस्था बेहद प्रभावित हो रही है। -तेज प्रताप सिंह, यातायात प्रभारी सहारनपुर।
बाईक से बनाया गया जुगाड में समान लेजाता चालक- फोटो : SAHARANPUR