हर ओर मच गया शोर, देखो आया माखन चोर
सहारनपुर। जिले भर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी हर्षोल्लास से मनाई गई। लोगों ने व्रत रखकर कान्हा जी का विशेष पूजन किया। रात के समय प्रभु श्रीकृष्ण के जन्म के शुभ मुहूर्तं के साथ ही रंग-बिरंगी लाइटों से जगमगा रहे मंदिर जय श्री कृष्ण, जय श्री राधा के जयकारे से गूंज उठे। कई मंदिरों में बनाई गईं झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं।
सोमवार को मंदिरों में हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की, नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की जयकारे गूंजते रहे। वहीं, घरों में लोगों ने लड्डूू गोपाल का ओम नमो भगवते वासुदेवाय मंत्र के साथ जाप कर अभिषेक व शृंगार किया। भगवान को माखन, मिश्री, लड्डू, पेडों, पंजीरी, शहद, दूध, फल का भोग लगाने के साथ ही फूल अर्पित किए। पालने में श्री कृष्ण के स्वरूप को बैठाकर झूला झुलाया। रात 12 बजे श्री कृष्ण के जन्म के शुभ मुहूर्त के साथ विशेष पूजन हुआ। मंदिरों में घंटे बजने लगे, श्रद्धालुओं ने विशेष पूजन के साथ भोग लगाया, आरती उतारी और तब व्रत खोलकर अनुष्ठान पूरा किया।
इस दौरान शहर में श्री भूतेश्वर महादेव मंदिर, श्री साईंधाम, आवास-विकास के श्री हरि मंदिर, गिल कॉलोनी के श्री नारायण मंदिर, तहसील श्री शिव मंदिर, चकराता मार्ग स्थित श्री बागेश्वर महादेव मंदिर, रानीबाजार स्थित पातालेश्वर मंदिर, पुलिस लाइन स्थित मंदिर, कोर्ट रोड के श्री पाठेश्वर महादेव मंदिर, रामनगर पठानपुरा में श्री दुर्गा मंदिर, गोविंदनगर में श्री मां काली मंदिर, श्री शिव मंदिर, श्री मां काली मंदिर, पंत विहार के राधा-कृष्ण मंदिर, मेला गुघाल परिसर स्थित श्री विश्रामपुरी काल भैरव मंदिर, घंटाघर स्थित श्री हनुमान मंदिर, नेहरू नगर स्थित मंशापूर्ण हनुमान मंदिर, मोहल्ला चौंताला स्थित श्री बालाजी मंदिर आदि मंदिरों में श्रद्धालु पहुंचे।
मथुरा से बुलाए कारीगरों ने बनाई झांकी
मटिया महल स्थित श्री पंचायती माहेश्वरी मंदिर में मथुरा से बुलाए कारीगरों ने जल में गिरीराज जी की झांकी सजाई और महाकाल की भी भव्य झांकी सजाई गई। आरएसएस के विभाग प्रचारक प्रवीर, एसएसपी डॉ. एस चनप्पा, घनश्याम माहेश्वरी, नीरज माहेश्वरी, राहुल माहेश्वरी आदि लोग मौजूद रहे। भूतेश्वर महादेव मंदिर में बाबा बर्फानी, माता वैष्णो देवी और अन्य कई भव्य झांकी सजाई गईं। इसी तरह रानी बाजार स्थित पातालेश्वर महादेव मंदिर में भी महाकाल की विशेष झांकी सजाई गई।
---
उत्साह, प्रेम और सकारात्मकता के प्रतीक हैं श्री कृष्ण
बेहट रोड स्थित श्री बालाजी धाम में अतुल जोशी महाराज ने पूजा संपन्न कराई। उन्होंने कहा कि भगवान श्री कृष्ण के शरण में जाने वाले व्यक्ति को मोक्ष की प्राप्ति होती है। राधा विहार स्थित महाशक्ति पीठ वैष्णवी महाकाली मंदिर में स्वामी कालेंद्रानंद महाराज ने राधा-कृष्ण और लड्डू गोपाल का विष्णु सहत्रनाम स्त्रोत के पाठ कराकर पंचामृत से स्नान कराकर अभिषेक किया। इस दौरान अरूण स्वामी, नरेश चंदेल, मेहरचंद जन, रमेश शर्मा, विभा, गीता, सविता, बाला, कमलेश सहित अनेक श्रद्घालु मौजूद रहे।
------
कान्हा के रूप में दिखे बच्चे, सोशल मीडिया पर खूब डाली फोटो
श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर बच्चों में उत्साह रहा। बच्चों ने भगवान श्री कृष्ण के स्वरूप में पीले वस्त्र धारण करने के साथ ही मोरपंख एवं बांसुरी के साथ फोटो खिंचवाए। अभिभावकों ने सोशल मीडिया पर राधा-कृष्ण बने बच्चों के खूब फोटो अपलोड किए।
----------
सुरक्षा को लेकर सतर्क रही पुलिस
पर्व को लेकर जिले भर में पुलिस सतर्क रही। एसएसपी डॉ. एस चनप्पा ने फोर्स के साथ महानगर में कई जगहों पर पैदल मार्च किया। एसएसपी, एसपी सिटी राजेश कुमार, सीओ प्रथम चंद्रपाल शर्मा, सीओ द्वितीय दुर्गा प्रसाद तिवारी ने श्री भूतेश्वर महादेव मंदिर, श्री बागेश्वर महादेव मंदिर, श्री नारायणपुरी सहित अनेक मंदिरों जाकर सुरक्षा व्यवस्था देखी। ड्यूटी में लगे पुलिसकर्मियों को संदिग्धों की निगरानी करने और कोरोना गाइडलाइन का पालन कराने के निर्देश दिए।