सहारनपुर। भाकियू अंबावत के जिलाध्यक्ष नीरज चौधरी ने मध्यप्रदेश के गुना में पुलिस द्वारा गरीब किसान दंपती की सरेआम पिटाई की घटना को अमानवीय बताते हुए राष्ट्रपति से इसकी सीबीआई जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि इस घटना के दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए। जिससे भविष्य में इस तरह की घटनाएं ना हो सकें।
बृहस्पतिवार को पंजाबी बाग स्थित एक सभागार में आयोजित बैठक में भारतीय किसान यूनियन (अंबावत) के जिलाध्यक्ष ने कहा कि गुना पुलिस की पिटाई से किसान दंपती इतने आहत हुए कि उन्होंने कीटनाशक पी लिया। उन्होंने कहा कि किसान दंपती की बर्बरतापूर्ण पिटाई की घटना ने पुलिस की अमानवीयता को सामने ला दिया है। यह घटना सभ्य समाज के माथे पर कलंक है। कोरोना जैसे संकट के बाद भी किसान देश की जनता के लिए अन्न पैदा करने में जुटा है। उन्होंने कहा कि किसानों पर इस तरह की कार्रवाई आने वाले चुनावों में भाजपा को भारी पडे़गी। उन्होंने राष्ट्रपति से इस घटना की सीबीआई जांच कराने की मांग की। जिससे दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जा सके। इस दौरान महानगर अध्यक्ष अंकित कुमार, युवा इकाई के जिलाध्यक्ष सोमवीर राणा, एके त्यागी, विनय कुमार, तकी चौधरी, जसवीर, सुरेश धीमान आदि मौजूद रहे।