सहारनपुर की बैंक शाखाओं में निर्धारित समय से पहले ही ग्राहकों की लंबी कतारें लग रही है। लेकिन बैंक खुलने के बाद नो कैश सुनते ही ग्राहकों को मायूस होकर लौटना पड़ रहा है।
कैश नहीं मिलने से आक्रोशित कई ग्राहक तो बैंककर्मियों से ही उलझ पड़े। ग्राहकों का कहना है कि वह हर दिन आकर लाइन में लगते हैं, लेकिन बार-बार नो कैश कहकर उन्हें लौटा दिया जाता है। कई शाखाओं में बैंककर्मियों और सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की गई।
जनपद की बैंक शाखाओं में कैश को लेकर बृहस्पतिवार को भी मारामारी रही। शहर की शाखाओं में सुबह सात बजे से ग्राहकों की लाइन लगनी शुरू हो गई थी। लेकिन करीब 10 बजे बैंक खुलने के बाद ग्राहकों को नो कैश की जानकारी हुई तो उन्हें मायूस होकर लौटना पड़ा।
कैश नहीं मिलने से कई ग्राहक तो आक्रोशित हो उठे। उनकी बैंककर्मियों से नोकझोंक भी हुई। इस दौरान हंगामा भी हुआ। चिलकाना रोड, बेहट रोड, और अंबाला रोड आदि पर स्थिति कुछ बैंक शाखाओं में तो आक्रोशित ग्राहकों ने नारेबाजी भी की।
कुछ बैंकों में ग्राहकों को कैश दिया गया। भारतीय स्टेट बैंक मुख्य शाखा के प्रबंधक महेंद्र सिंह का कहना है कि कैश की कमी है। ऐसे में ग्राहकों को मायूस लौटना पड़ रहा है।
शहर से लेकर देहात तक जगह जगह विभिन्न बैंकों के लगे एटीएम शोपीस बन गए है। इन एटीएम में करेंसी निकालने के लिए उपभोक्ता बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं, लेकिन मशीनों से कैश नहीं निकल रहा है। ऐसे में उपभोक्ता बैंककर्मियों को कोसते नजर आए।
500 के पुराने नोटों से जमा हुए बिजली बिल, सहारनपुर। 500 के पुराने नोट आज से पूरी तरह बंद हो गए है। बृहस्पतिवार को देर रात तक 500 के पुराने नोटों से बिल जमा किए गए।