सहारनपुर में प्रदेश के पिछड़ा कल्याण एवं विकलांग जन विकास मंत्री साहब सिंह सैनी ने कहा प्रदेश सरकार ने प्रदेश की तरक्की के लिए कई लाभकारी योजनाएं शुरू की हैं।
उन्होंने कहा डायल 100 योजना लोगों को न सिर्फ सुरक्षा प्रदान करेगी, बल्कि उनकी यथासंभव सहायता भी करेगी। मंत्री साहब सिंह सैनी बृहस्पतिवार को पुलिस लाइन में डायल 100 सेवा की गाड़ियों को हरी झंडी दिखाकर उद्घाटन करने के बाद लोगों को संबोधित कर रहे थे।
इस मौके पर उन्होंने कहा योजना के लागू होने से असामाजिक तत्वों पर लगाम लगेगी। उन्होंने कहा पीड़ित के सूचना देने के चंद मिनट में ही पुलिस की गाड़ी वारदात स्थल पर पहुंचेंगी।
इस मौके पर डीआईजी जितेंद्र कुमार शाही ने कहा कि डायल 100 सेवा प्रदेश के 20 जनपदों में शुरू की है। इस योजना के माध्यम से पुलिस तुरंत लोगों की सेवा में पहुंचेगी और लोग पुलिस के कार्य में सहयोग देकर पुलिस की क्षमताओं को बढ़ाएंगे।
एसएसपी मनोज तिवारी ने कहा लोगों की सुरक्षा बढ़ाने के लिए डायल 100 सेवा का शुभारंभ किया है, जिससे पुलिस शीघ्र पीड़ित के पास पहुंचकर राहत दे सके। जिले को 57 गाड़ियां मिली हैं।
इसमें एमएलसी उमर अली खां, विधायक महावीर सिंह राणा, पैकफेड के उपाध्यक्ष अभय चौधरी मौजूद रहे। इसकी व्यवस्था प्रतिसार निरीक्षक ताहिर हुसैन ने की। इस मौके पर यश भारती सम्मान से पुरस्कृत राहत अली ने गजल प्रस्तुत की। इसके बाद पूरे शहर में गाड़ियों ने रूट मार्च किया।
डायल -100 के शुभारंभ के उपलक्ष्य में 19 नवंबर को आयोजित की गई मैराथन दौड़ में के 17 विजेताओं और विशिष्ट सेवा प्रदान करने वाले पुलिस निरीक्षकों, उप निरीक्षकों, कांस्टेबलों समेत 97 पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया।
53 वरिष्ठ नागरिकों को सजग प्रहरी नागरिक सम्मान से मंत्री साहब सिंह सैनी ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। बृहस्पतिवार को थाने में नगर तथा क्षेत्र के गणमान्य लोगों एवं ग्राम प्रधानों की बैठक की गई।
जिसमें थानाध्यक्ष संजय पांडेय ने 100 डायल सेवा की जानकारी दी। बताया कि 100 नंबर डायल करने पर दी गई सूचना के स्थान पर 15 से 20 मिनट में पहुंचेंगी। इन गाड़ियों में प्रशिक्षित पुलिसकर्मी तैनात होंगे।
थानाध्यक्ष ने क्षेत्र के गणमान्य लोगों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इरशाद चौधरी, मुनाजिर हुसैन जैदी, नरेश चंद जैन, कैसर नदीम, जय कुमार सिंह, अवतार सिंह, पंकज चौधरी, अजब सिंह, इरफान, देवेंद्र कौशिक, कमल राणा, सैफ जमाली, रमेश सुखीजा मौजूद रहे। संचालन दिनेश गुप्ता ने किया।