नकुड़ में चोरों द्वारा उखाडी गई अलमारी
- फोटो : SAHARANPUR
नकुड़ (सहारनपुर)। मंगलवार की रात चोरों ने एक सर्विस स्टेशन सहित तीन दुकानों के शटर उखाड़कर करीब एक लाख रुपये की कीमत का सामान व नगदी चोरी कर ली। पीड़ित दुकानदारों ने कोतवाली में तहरीर दी है। कस्बे में एक सप्ताह के भीतर करीब दस दुकानों में चोरी की घटनाओं से व्यापारियों में पुलिस प्रशासन के खिलाफ रोष व्याप्त है।
मंगलवार की रात बदमाशों ने कस्बे के सरसावा रोड पर धावा बोलकर उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के नगर महामंत्री पंकज जैन के सर्विस स्टेशन का लोहे का दरवाजा तोड़कर एक कंप्रेशर, वाहनों के टायरों की ट्यूब, जैक आदि औजार, अन्य कीमती सामान व नगदी चोरी कर ली। पंकज जैन ने बताया कि उसने उक्त सर्विस स्टेशन को गांव हसनपुर निवासी ब्रजपाल सैनी को किराये पर दे रखा है। बुधवार की सुबह करीब नौ बजे ब्रजपाल सैनी दुकान पर पहुंचा तो दुकान का दरवाजा टूटा व सामान गायब मिला। इसके अलावा बदमाशों ने इसी के बराबर में स्थित गांव लतीफपुर निवासी धर्मपाल के जनसेवा केंद्र की दो दुकानों के शटर उड़ाकर इंवर्टर, बैटरी, सीसीटीवी का डीवीआर आदि कीमती सामान चोरी कर लिया। पीड़ित दुकानदारों ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। गौरतलब है कि गत तीन व चार जनवरी की रात में चोरों ने कस्बे के अघ्याना तिराहे व टाबर रोड पर पांच दुकानों के शटर उड़ाकर करीब एक लाख की नगदी व एक लाख से अधिक का कीमत का सामान चोरी कर लिया था। पुलिस ने दो दिन पूर्व ही दो आरोपियों को पकड़कर उनके कब्जे से 1560 रुपये की बरामदगी दिखाकर पांच दुकानों से हुई चोरी की घटनाओं का खुलासा कर दिया था। इस पीड़ित दुकानदारों ने चोरी हुुए एक भी सामान की बरामदगी न होने पर सवाल उठाए थे।