बेहट (सहारनपुर)। इंदिरा कालोनी में स्थित मंदिर से रविवार की रात चोरों ने पीतल व तांबे का सामान चोरी कर लिया। इस दौरान मंदिर में रखी मूर्तियां भी खंडित की गई। घटना का पता चलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। मंदिर के प्रबंधक की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।
बेहट के मोहल्ला इंदिरा कालोनी में शिव मंदिर स्थित है। रविवार रात किसी समय चोरों ने मंदिर के गेट के ताले तोड़कर पीतल के दो बड़े घंटे, तांबे का कलश, पीतल के नाग देवता, चिराग, थाली, गिलास, कमंडल, जग, कटोरियां, गिलास आदि सामान चोरी कर लिया। मंदिर में रखी दो मूर्तियों को भी खंडित किया गया। सुबह होने पर मंदिर के पुजारी/प्रबंधक सुखराम धीमान निवासी मोहल्ला महाजनान को घटना का पता चला। इसके बाद बड़ी संख्या में लोग मंदिर पहुंचे। चोरी के साथ मूर्तियों के खंडित होेने का पता चलने पर उनमें आक्रोश पैदा हो गया। इसके बाद पुजारी ने पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची। एसडीएम देवेंद्र पांडेय और सीओ सदर रजनीश उपाध्याय ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। प्रबंधक की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। उधर, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक पवन चौधरी का कहना है कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि नई मूर्तियां मंगवाई जा रही हैं।