नेहरू मार्केट में धंसी सड़क की खोदाई करते कार्यदाई संस्था के मजदूर।
- फोटो : स्रोत : संगठन
सहारनपुर। नेहरू मार्केट में धंसी स्मार्ट रोड को लेकर कार्यदायी संस्था की नींद टूट गई है। सड़क के गड्ढों को मिट्टी से भरने का समाचार प्रकाशित होने के तुरंत बाद सुबह ही कार्यदायी संस्था के अधिकारी जेसीबी लेकर मौके पर पहुंच गए और काम शुरू कर दिया।
स्मार्ट रोड के धंसने से हो रहे हादसों और जनता की परेशानी को देखते हुए अमर उजाला ने 13 जनवरी के संस्करण में प्रमुखता के साथ समाचार प्रकाशित किया था। नतीजा, स्मार्ट सिटी सहारनपुर के सीईओ/नगरायुक्त संजय चौहान ने सड़क के बार-बार धंसने पर जांच के निर्देश मुख्य अभियंता निर्माण बीके सिंह को दिए थे। वहीं दूसरी ओर कार्यदायी संस्था के मजदूरों ने सड़क धंसने से हुए गड्ढों को मिट्टी से भरवा दिया था, जिसे लेकर हर कोई हैरान था।
अमर उजाला ने गड्ढों को मिट्टी से भर दिए जाने का समाचार 14 जनवरी के संस्करण में प्रकाशित किया। समाचार प्रकाशित होते ही कार्यदायी संस्था के अधिकारी और मजदूर मंगलवार सुबह नौ बजे ही जेसीबी लेकर नेहरू मार्केट पहुंच गए। उन्होंने जेसीबी से धंसी हुई सड़क को खोदाई की। करीब 70 मीटर लंबी सड़क कई जगह से धंसी है। मौके पर मिले कार्यदायी संस्था के कर्मचारियों ने बताया कि सड़क के नीचे पानी रिस रहा है, जिसकी वजह से सड़क धंसी है। अब इसे दुरुस्त कराया जा रहा है।
उधर, मुख्य अभियंता बीके सिंह का कहना है कि यदि सड़क मरम्मत में लापरवाही बरती जाती है या सड़क इसके बाद भी धंसती है तो कार्यदायी संस्था पर कार्रवाई की जाएगी।
राहगीरों को हुई परेशानी
सड़क की एक साइड पर जेसीबी लगने और सड़क को खोदे जाने से यातायात प्रभावित रहा। दोनों ओर के वाहनों की आवाजाही एक ही साइड की सड़क पर आ गई। इससे राहगीरों को दिनभर परेशान होना पड़ा। यह समस्या सड़क पूरी तरह ठीक होने तक बने रहने की आशंका है।