राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर प्रदर्शन किया
सहारनपुर। ब्याज सहित बकाया गन्ना मूल्य का तत्काल भुगतान कराने सहित अन्य मांगों को लेकर राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन से जुड़े किसानों ने कलक्ट्रेट में नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। उन्होंने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन तहसीलदार सदर नितिन राजपूत को सौँपा।
मंगलवार को कलक्ट्रेट परिसर में राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन की मासिक बैठक का आयोजन किया गया। इसके बाद विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष चौधरी सुखवीर सिंह ने कहा कि बकाया गन्ना मूल्य भुगतान नहीं होने से किसान बेहद परेशान हैं। किसानों के सामने रोजमर्रा का खर्च चलाना भी मुश्किल हो रहा है। तहसीलदार सदर को सौंपे ज्ञापन में उन्होंने कहा कि न्यूनतम समर्थन मूल्य पर फसल खरीद गारंटी के लिए जल्द ही कानून बनाया जाए। उन्होंने शेडयूल के अनुसार बिजली आपूर्ति करने, किसानों के नलकूपों के बिजली के बिल को माफ करने और ब्याज सहित पूरा बकाया गन्ना मूल्य भुगतान होने तक किसी भी किसान की बकाया पर आरसी जारी नहीं करने की मांग की। उन्होंने कहा कि पावर ग्रिड कारपोरेशन द्वारा ग्राम नंदी, लंढोरा, शेरपुर, सढ़ौली हरिया में बिजली की लाइन का मुआवजा नियमानुसार दिलाने की मांग की। इस दौरान डेडीकेटिड रेल फ्रेट कॉरिडोर में एक समान मुआवजा दिलाने सहित अन्य मांग की। इस दौरान दिव्यांग त्यागी, नवीन त्यागी, अच्छन यादव, संजय पंवार, नवाब सिंह, रविंद्र चौहान, प्रिंस चौधरी, महेंद्र सिंह, रविंद्र कुमार, अजीत, दिलशाद, आरिफ, अमित, अजय कुमार, सागर सैनी, नाथीराम, जय सिंह, कृष्णपाल सैनी आदि मौजूद रहे।