देवबंद। प्राचीन ठाकुरद्वारा मंदिर में स्वर्ण सिंहासन पर विराजमान श्रीराधा रानी के संग ठाकुरजी महाराजा धीराज भगवान श्री कृष्ण की प्राण प्रतिष्ठित मूर्तियों के दर्शनों के लिए सुबह से देर रात तक भक्तों की भीड़ उमड़ी रही। इसके अलावा प्राचीन सिद्धपीठ श्री राधा वल्लभ मंदिर (नवरंगी लाल जी), श्री विष्णु भगवान मंदिर कायस्थवाड़ा, प्राचीन श्री राधा रूकमणि वल्लभ मंदिर (नाभावाला) और देवीकुंड रोड स्थित श्री खाटू श्याम मंदिर आदि अन्य स्थानों पर सजी राधा-कृष्ण समेत अन्य झांकियों का श्रद्धालुओं ने देर रात तक आनंद उठाया। वहीं देहात में भी जन्माष्टमी पर झांकियां सजाने के साथ ही भजन कीर्तन के आयोजन किए गए।
जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में भव्य रथयात्रा कल
देवबंद। सिद्धपीठ श्री पंचायती ठाकुरद्वारा मंदिर कमेटी के तत्वावधान में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में 18 अगस्त पारंपरिक भव्य कृष्ण रथयात्रा धूमधाम से निकाली जाएगी। कमेटी अध्यक्ष विनोद प्रकाश गुप्ता ने बताया कि शोभायात्रा रामलीला ग्राउंड से आरंभ होकर नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए देवीकुंड मैदान में कंस वध के उपरांत मंदिर पर आकर संपन्न होगी। इसमें अखाड़े, बैंडबाजे व मनमोहक झांकियां लोगों के आकर्षण का केंद्र रहेंगे।