सुल्तान, दबंग, गुंडे, रण और बाजीराव मस्तानी जैसी फिल्मों के गीतों को अपनी आवाज से सजा चुके सहारनपुर निवासी शादाब फरीदी का मानना है कि यदि आपके भीतर हुनर और कुछ कर गुजरने का जुनून है तो आपको सफल होने से कोई नहीं रोक सकता। शादाब सोमवार को अमर उजाला के दफ्तर पहुंचे थे। यहां उन्होंने अपनी सफलता के संघर्ष को साझा किया।
संगीत शादाब की रगों में है। उनके चाचा हाशिम और आफताब साबरी बॉलीवुड में लंबे समय से काम कर रहे हैं। पिता भी संगीत के गुणी थे। ऐसे में शादाब ने संगीत की प्राथमिक शिक्षा अपने पिता से ली। करीब 15 साल की उम्र में वर्ष 2001 में वह भी सिंगर बनने के लिए मुंबई चले गए। वहां छह साल के कड़े संघर्ष के बाद उन्हें काम मिलना शुरू हुआ।
हाल ही में शादाब ने मशहूर सिंगर सुखविंदर सिंह के साथ मिलकर सुल्तान फिल्म का टाइटल सॉग ऊपर अल्लाह नीचे धरती बीच में तेरा जुनून गाया है। इस फिल्म में गाने का मौका मिलने का श्रेय वह फिल्म के डायरेक्टर अली अब्बास जफर को देते हैं। इससे पहले शादाब फिल्म दबंग, गुंडे, तुम मिले, वैलकम बैक, धूम मचा ले, अजब प्रेम की गजब कहानी जैसी फिल्मों में गीत गा चुके हैं।
उनका कहना है कि अब अपनी जगह देर तक बनाए रखना बेहद मुश्किल हो गया है। ऐसे में कम समय में अपनी पहचान बनाने की चुनौती है। टैलेंट शो के जरिए नई प्रतिभाएं सामने आ रही हैं।
फिल्म इंडस्ट्री में सफलता के मंत्र पर उनका कहना है कि मेहनत और भाग्य दोनों चीजें सफलता की सीढ़ी हैं। मगर, भाग्य उसी के साथ होता है जो मेहनत करता है। शादाब यूरोप और यूएस के लगभग सभी देशों में स्टेज शो कर चुके हैं। इसके बावजूद वह खुद को सफल नहीं मानते हैं।
उनका कहना है कि अभी उनके कॅरियर की गाड़ी ट्रैक पर आई है, जिसे चलना और उसके बाद दौड़ना बाकी है। कहा कि आज वह जो भी हैं उसमें म्यूजिक डायरेक्टर सुहैल सैन, अली अब्बार जफर, साजिद-वाजिद और गजेंद्र सिंह का बड़ा हाथ है। उनके फेवरेट सिंगर सोनू निगम और सुखदिंर सिंह हैं। शादाब ने समाज के प्रति अमर उजाला परिवार द्वारा निभाए जा रहे दायित्व की सराहना की।
कहा कि अमर उजाला केवल अखबार नहीं है, बल्कि इसको पढ़ने के बाद समाज के हर वर्ग को सीख और मार्गदर्शन मिलता है। इसी वजह से यह अखबार उत्तर प्रदेश का नंबर वन अखबार है।
मॉल में फेन से घिरे शादाब
सहारनपुर। शादाब फरीदी पूर्वाह्न करीब 11 बजे दिल्ली रोड स्थित जीएनजी मॉल में पहुंचे थे। यहां उन्होंने सबसे पहले पौधारोपण किया। इसके बाद पत्रकार वार्ता की। मॉल में आए लोगों को जैसे ही शादाब के मॉल में होने की सूचना मिली तो उन्होंने शादाब को घेर लिया।
इसके बाद काफी देर तक सेल्फी का दौर चला। लोगों ने शादाब के साथ अपने मोबाइल में फोटो खींची। इस दौरान शादाब ने सहारनपुर की जनता से सहारनपुर को साफ-सुथरा और हरा-भरा बनाने की अपील की। साथ ही सारेगामापा के ग्रैंड फिनाले में पहुंची रुपाली जग्गा को जिताने के लिए अधिक से अधिक वोट करने की भी अपील की।