सहारनपुर। शुक्रवार सुबह उस समय हकीकत नगर, शास्त्री नगर और पंजाबी बाग के लोग हैरान रह गए यातायात पुलिस ने अचानक सदर तिराहे से हकीकत नगर तिराहे की तरफ जाने वाले रास्ते को एक माह के लिए बंद कर दिया।
इस रोड पर स्मार्ट सिटी के तहत निर्माण कार्य शुरू किया गया। नगर निगम के अधिकारियों और न ही यातायात पुलिस की तरफ से इसकी पहले जानकारी दी गई। ऐसे में आधा शहर दिन भर जाम से जूझता रहा।
दरअसल, सीएम ग्रिड योजना के तहत स्मार्ट रोड के पहले चरण का कार्य शुरू कर दिया गया है। योजना के तहत कलेक्ट्रेट तिराहे से हकीकतनगर तिराहा, आईएमए भवन और सदर कोतवाली के सामने से होकर दीवानी कचहरी तिराहे पर पहुंचने वाले मार्ग को स्मार्ट रोड के रूप में विकसित किया जाना है।
यह कार्य पहले से प्रस्तावित था। मार्ग के निर्माण पर 34 करोड़ रुपये खर्च होंगे। मार्ग के निर्माण कार्य का उद्घाटन दशहरे पर हुआ था, लेकिन कार्य अब शुरू हो रहा है।
पहले चरण में सीवर लाइन और पेयजल लाइनें डालने के लिए सड़क की खोदाई की जा रही है, जिसके लिए बैरीकेडिंग कर सड़क को पूरी तरह से एक माह के लिए बंद कर दिया गया है। इसकी वजह से शुक्रवार को दिन भर कोर्ट रोड जाम रहा।
पार्श्वनाथ प्लाजा के सामने से सिविल लाइन पुलिस चौकी तक दोनों ओर की सड़कों पर जाम रहा। इसके अलावा दीवानी तिराहे से सदर कोतवाली तक भी जाम की स्थिति रही। यातायात को सुचारू बनाने के लिए यातायात विभाग को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।