सहारनपुर। बारिश ने एक बार फिर से नगर निगम की जल निकासी की व्यवस्थाओं की पोल खोलकर रख दी। शनिवार की तड़के हुई बारिश के कारण कई कॉलोनियां जलमग्न हो गईं। इसके अलावा सड़कों पर चारों ओर पानी रहा, जिसकी वजह से नागरिकों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। उधर, बारिश और तेज हवा की वजह से सर्दी भी बढ़ गई है। शनिवार को न्यूनतम तापमान 13.5 व अधिकतम तापमान 14.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ
जनपद में बीते तीन दिन से बारिश का मौसम बना हुआ है। बृहस्पतिवार और शुक्रवार को हल्की बूंदाबांदी रही, लेकिन शनिवार की तड़के तीन बजे बादलों की गर्जना के साथ तेज बारिश शुरू हुई, जो सुबह सात बजे तक हल्की पड़ गई। बारिश की वजह से शहर के निचले क्षेत्रों में भारी जलभराव हो गया। वार्ड 18 की कई कॉलोनियों में लोगों के घरों तक में पानी घुस गया। घरों में खड़े वाहन और चारपाई पानी में आधी तक डूब ई। हसनपुर के आईटीसी रोड वाले हिस्से में बरसात का पानी निचली गलियों में जाने से कई घरों में पानी भर गया। लोगों को बाल्टियों से पानी निकालना पड़ा। इसके अलावा कई सड़के पानी में डूब ही गईं। इनमें घंटाघर से कोर्ट रोड पुल तक बनाई जा रही स्मार्ट रोड भी शामिल रही। शहर के कई पार्षदों ने अपने क्षेत्रों की जलभराव की फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर खुद वायरल की निगम की तैयारियों की पोल खोलने का काम किया।
कई सड़कें धंस गई
शहर की कई सड़कें एक ही बारिश में जवाब दे गई। बेहट रोड से शकलापुरी को जाने वाला मार्ग करीब डेढ़ माह पहले ही बना है। बारिश की वजह से उसमें जगह-जगह दरारें आ गई। कोर्ट रोड से दीवानी कचहरी तक बनाए जा रहे स्मार्ट रोड पर अभी तक एक लेयर सड़क बनाई गई है, जो बरसात की वजह से जगह-जगह से धंस गई। इसमें कई कारें तक फंस गई।
नालों के निर्माण के बाद भी नहीं सुधरे हालात
नगर निगम ने बीते चार साल में 150 से अधिक नालों का निर्माण कराया है। बीते दिनों नगर निगम के अधिकारियों ने दावा किया था कि अब शहर में जलभराव की समस्या नहीं रहेगी, लेकिन एक ही बारिश ने नगर निगम की व्यवस्थाओं को बौना साबित कर दिया। नवादा रोड की कई कॉलोनियां और नंदपुरी आदि में भारी जलभराव की वजह से लोगों को असुविधा रही।