चिलकाना (सहारनपुर)। पड़ोसी के परेशान करने और पुलिस एवं गांव के लोगों से सहयोग नहीं मिलने पर वृद्ध दंपती गांव छोड़कर अपनी बेटी के पास चला गया। दूसरी तरफ थाना प्रभारी ने कहा मामले की जांच के लिए टीम गठित की है। आरोपियों को माफी नहीं मिलेगी।
गांव सलीरी निवासी निसार पुत्र बुंदु अपनी पत्नी के साथ गांव में रहते थे। निसार जिस जगह पर रहते हैं, उस भूमि के बीच से पड़ोस का एक व्यक्ति नाली बनाकर अपने घर का पानी बाहर निकालना चाहता है। निसार ने गांव के लोगों को अपनी समस्या बताई, लेकिन कोई भी सहयोग न मिलने से पुलिस से गुहार लगाई। आरोप है कि पुलिस से भी सहयोग नहीं मिला। पड़ोसी के बार-बार अभद्रता करने और मारपीट करने से आहत निसार ने गांव छोड़ने का निर्णय लिया तथा दो दिन पहले वह अपनी बेटी के गांव गोकुलपुर थाना नकुड़ में अपनी भैंस तथा घर का सामान लेकर चले गए।
सोमवार को निसार की पुत्री बानो गांव में सामान लेने के लिए आई। उसने बताया कि जब उसके पिता को यहां इंसाफ नहीं मिल रहा है, तो ऐसे गांव में रहने से कोई लाभ नहीं है। उधर, ग्राम प्रधान गुफरान ने बताया कि उसे कल ही निसार के गांव से जाने की जानकारी मिली। फोन पर निसार को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह आने को तैयार नहीं है। निसार को गांव में लाने का प्रयास होगा। उधर, थाना प्रभारी राजेश कुमार भारती ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है। उन्होंने एक दिन पहले ही चार्ज लिया है। पुलिस की टीम गठित की है, जो आरोपी की तलाश में गांव भेजी जा रही है तथा निसार को भी गांव में लाने का प्रयास होगा।