सहारनपुर। जिला महिला अस्पताल में महिला के पेट में तौलिया छोड़ने का मामला शासन तक पहुंच गया है। इस मामले में शासन ने विभाग से तत्काल जांच कर रिपोर्ट देने के आदेश दिए हैं। वहीं, मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा गठित एसीएमओ समेत चार सदस्य टीम सोमवार यानी आज से जांच शुरू करेगी। जांच रिपोर्ट के बाद कार्रवाई तय होगी।
दरअसल, थाना नकुड़ क्षेत्र के साढ़ौली पिलखना निवासी सूरज की पत्नी करिश्मा 25 नवंबर को प्रसव पीड़ा होने पर जिला महिला अस्पताल में भर्ती हुई थी। महिला ने बेटी को जन्म दिया था। परिजनों का आरोप है कि प्रसव के दौरान लापरवाही बरती गई। डॉक्टर ने महिला के पेट में तौलिया छोड़ दिया था। पेट में तौलिया होने का पता दिल्ली रोड स्थित एक निजी अस्पताल में दोबारा ऑपरेशन होने पर लगा था। महिला अस्पताल की लापरवाही का मामला शासन तक पहुंच भी पहुंच गया है। शासन ने संज्ञान लेते हुए स्वास्थ्य विभाग से जांच रिपोर्ट तलब की है। आदेश दिए कि इस मामले की जांच जल्द से जल्द पूरी की जाए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा गठित टीम भी सोमवार से जांच शुरू कर देगी। इस टीम में एसीएमओ, रेडियोलॉजिस्ट, सर्जन और एक महिला डॉक्टर शामिल है।
मेडिकल कॉलेज में फिर हुआ महिला का ऑपरेशन
ऋषिकेश एम्स के बाद शनिवार को महिला राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती हुई थी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रवीण कुमार ने बताया कि रविवार को मेडिकल कॉलेज में महिला का ऑपरेशन हुआ। दिल्ली रोड स्थित एक निजी अस्पताल में महिला के पेट में तौलिया होने का पता चला था। अब ऑपरेशन कर पेट की सफाई की गई है। महिला खतरे से बाहर है।
-
वर्जन
गठित टीम सोमवार से जांच शुरू करेगी। हर बिंदुओं पर जांच होगी। जांच रिपोर्ट में जिसकी भी लापरवाही होगी, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
डॉ. प्रवीण कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी