बेहट। कस्बे की कान्हा गोशाला के निर्माण स्थल की शिकायत लेकर कस्बे के टीपू सुल्तान उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व नगर विकास मंत्री एके शर्मा से मिले।
टीपू सुल्तान ने बताया कि नगर पंचायत गोशाला का निर्माण गांगरोह नदी के किनारे आवंटित भूमि पर करा रही है। सुरक्षा की दृष्टि से यह भूमि सही नहीं है। नदी की जलधारा गोशाला की चारदीवारी से टकरा रही है। पानी दीवार से सटकर बह रहा है। भूमि कटाव होने से कभी भी गोशाला की दीवारें गिर सकती है।
ऐसे में इस गोशाला में रखे जाने वाले गोवंश भी सुरक्षित नहीं रहेंगे। पिछले दिनों नदी की बाढ़ के तेज बहाव पानी से निर्माण स्थल पर गोशाला भवन के लिए बनाई जा रही बुनियाद भी ध्वस्त हो गई थी। निर्माण स्थल की भगौलिक स्थिति से अवगत होते हुए भी नगर पंचायत गोशाला का निर्माण नदी किनारे करा रही है।
इसमें नगर पंचायत अध्यक्ष व उसके अधिकारियों व कर्मचारियों के भ्रष्टाचार की संभावना से भी इंकार नहीं किया जा सकता। नदी की संभावित बाढ़ से गोशाला को खतरा हो सकता है। उपमुख्यमंत्री ने इस संबंध में जिलाधिकारी को जांच कर कार्रवाई के लिए पत्र जारी किया है।