देवबंद। संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुए देवबंद तहसील के लेखपाल श्याम सुंदर (38) पुलिस को दूधली गांव के जंगल में बेहोशी की हालत में पड़े मिले। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।
बता दें कि छपार थानाक्षेत्र के तेजल हेड़ा निवासी लेखपाल श्याम सुंदर देवबंद तहसील में तैनात हैं। बुधवार सुबह वह घर से देवबंद जाने को कहकर निकले थे, लेकिन शाम तक वापस नहीं लौटे। परिजनों ने छपार थाना और देवबंद कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। तलाश में जुटी पुलिस को जांच के दौरान उनके मोबाइल की अंतिम लोकेशन राज्जुपुर गांव की मिली थी। दोनों थानों की पुलिस उन्हें तलाश कर रही थी।
बृहस्पतिवार को देवबंद थानाक्षेत्र के दूधली गांव के जंगल में श्याम सुंदर बेहोशी की हालत में पड़े मिले। पुलिस के मुताबिक पास में ही उनकी बाइक पड़ी मिली और एक नशीली दवा का पत्ता भी पड़ा था।
बताया कि परिजनों से पूछताछ में पता चला कि था कि लेखपाल ने किड़नी की जांच कराई थी, रिपोर्ट आने के बाद से वह तनाव में चल रहे थे। संभावना है कि तनाव के चलते उन्होंने स्वयं नींद की गोलियां खाईं। होश में आने पर उनसे पूछताछ की जाएगी।