बड़गांव (सहारनपुर)। ग्राम पंचायत सिरसली कलां में इस बार मो. अनवर ग्राम प्रधान निर्वाचित हुए हैं। उनकी प्राथमिकताओं में गांव में पशु चिकित्सालय और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की स्थापना कराना भी उनके एजेंडे में है। इसके लिए जमीन उपलब्ध कराते हुए निर्माण के लिए शासन स्तर तक प्रयास किया जाएगा। गांव में गंदे पानी की निकासी दुरुस्त कराना, महिलाओं को स्वावलंबी बनाने के लिए रोजगार, सीसी सड़कों का निर्माण, पथ प्रकाश के लिए स्ट्रीट लाइटों को लगवाना और ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना, पंचायत घर का निर्माण, बस स्टैंड पर यात्री टीन शेड का निर्माण कराना भी उनकी प्राथमिकता में है। शिक्षा के लिए इंटर कालेज की स्थापना कराई जाएगी। वे कहते हैं कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को पूरी ईमानदारी के साथ पात्रों तक पहुंचाने का काम किया जाएगा। विकास के जिन मुद्दों को लेकर वे चुनाव लड़े थे, उन पर शत प्रतिशत खरा उतरा जाएगा।
प्रधान की प्रोफाइल
ग्राम प्रधान मो. अनवर कक्षा आठवीं पास हैं।
उनका मुख्य व्यवसाय खेती है।
जलभराव और दूषित पेयजल है बड़ी समस्या
रामपुर मनिहारान ब्लाक की इस मुस्लिम बहुल ग्राम पंचायत की आबादी करीब पांच हजार है। गांव की बड़ी समस्या गंदे पानी की निकासी की है। बरसात में सड़कों पर पानी भर जाता है। इसके साथ ही शुद्ध पेयजल और चिकित्सा सुविधाओं का भी गांव में अभाव है। 120 फीट तक की गहराई पर लगे हैंडपंप दूषित पानी देते हैं। ऐसे में गांव में लगे ज्यादातर हैंडपंपों का पानी पीने योग्य नहीं रहा है।