छुटमलपुर/बेहट, जुलाई। उत्तराखंड के काशीपुर से वापस लौट रहे एक मजदूर से जहर खुरानी गिरोह ने पांच हजार रुपये और मोबाइल लूट लिया। और उसको जीवाला के पास नदी में फेंक दिया। तलाश किए जाने पर अगले दिन मजदूर परिजनों को बेहोशी की हालत में पड़ा मिला।
कोतवाली बेहट क्षेत्र के गांव मुर्तजापुर से 16 मजदूर विद्युत लाइन के पोल लगाने के लिए 14 जून को काशीपुर गए थे। शुक्रवार को वह सभी वापस लौट रहे थे। जब ये मजदूर छुटमलपुर से बेहट की बस में सवार हुए तो उस वक्त अशोक पुत्र महेंद्र बस के पास खड़ा था। तभी एक बाइक सवार वहां आकर रुका और अशोक को बेहट छोड़ने की बात कही। अशोक के साथियों ने बताया, कि उन्होंने उसे बाइक पर जाने से मना किया था, लेकिन वह बाइक पर सवार होकर चला गया। उसके सभी साथी गांव लौट आए, लेकिन अशोक नहीं आया। परिजनों ने उसका मोबाइल मिलाया, लेकिन वह भी स्विच ऑफ था। मुजफ्फराबाद पुलिस चौकी पर तहरीर दी गई। तलाश कर रहे परिजनों को शनिवार की सुबह अशोक गांव जीवाला के पास नदी में बेहोशी की हालत में मिला। पूछने पर उसने बताया, कि बाइक सवार ने गांव खुजनावर में एक दुकान पर चाय बनवाई। चाय पीने के बाद उसे कुछ पता नहीं रहा। सुबह होश आने पर उसने अपने आप को नदी में पड़ा पाया। उसकी जेब से 5000 हजार रुपये व मोबाइल भी गायब है। उधर सीओ सदर अजेंद्र कुमार का कहना है कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।