बड़गांव। पहली पत्नी को धोखा देकर दूसरा ब्याह रचाने पहुंचे युवक को बिना दुल्हन के बैरंग लौटना पड़ा। इतना ही नहीं लड़की पक्ष को उसे शादी में हुए खर्च की रकम भी लौटानी पड़ी। उधर, वधू पक्ष ने आनन फानन में यमुनानगर स्थित अपनी रिश्तेदारी से लड़के को रात में ही बुलवाकर अपनी बेटी की शादी उसके साथ कर दी।
बता दें कि बड़गांव क्षेत्र के गांव मिर्जापुर में सोमवार को असंध (हरियाणा) के गांव रहाड़ा निवासी मोहित बरात लेकर आया था। शाम को जयमाला के बाद फेरों की रस्म से पहले विवाह समारोह में पहुंची रोहतक निवासी अंजली चौहान ने मोहित पुत्र धीरा को अपना पति होने का दावा करते हुए हंगामा कर दिया था। युवती का कहना था कि उसने मोहित के साथ कोर्ट मैरिज कर रखी है। इसके बाद लड़की पक्ष ने बरात को एक कमरे में बैठाकर पुलिस को सूचना दे दी थी।
पुलिस दूल्हे मोहित और युवती को थाने ले गई थी। देर रात बरात और दूल्हे को शादी में हुए खर्च के रुपये देने पर समझौता होने के बाद जाने दिया गया।
उधर, वधू पक्ष ने आनन फानन में यमुनानगर स्थित अपनी रिश्तेदारी से लड़के को बुलवाकर अपनी बेटी की उसके साथ शादी कर दी। पुलिस का कहना है कि देर रात ही दोनों पक्षों में हुई रजामंदी के बाद ही दूल्हे को छोड़ दिया गया था।