सहारनपुर। पुलिस क्राइम ब्रांच और कोतवाली देवबंद पुलिस ने किसान सहकारी समिति, जड़ौदा जट के सचिव से आठ लाख की लूट करने वाले गैंग के आठ बदमाशों को गिरफ्तार किया। इनके पास से तीन पिस्टल, तमंचे और लूट की पांच लाख की नगदी बरामद हुई है। बदमाश हरियाणा के कैथल, मेरठ, सहारनपुर और शामली के रहने वाले हैं।
एसएसपी डॉ. एस चन्नपा ने बताया कि कोतवाली देवबंद क्षेत्र में लालवाला श्मशान घाट के पास 21 जून को किसान सहकारी समिति, जड़ौदा जट के सचिव विनोद कुमार त्यागी के साथ कई बदमाशों ने आठ लाख की लूट की वारदात को अंजाम दिया था। रिपोर्ट दर्ज कर बदमाशों को पकड़ने के लिए पुलिस क्राइम ब्रांच और कोतवाली देवबंद पुलिस को लगाया। क्राइम ब्रांच ने चेकिंग के दौरान नूरपुर जाने वाले रास्ते से आठ बदमाशों को गिरफ्तार किया, इनके पास से लूट की 5.82 लाख की नगदी, एक बाइक, एक कार, तीन पिस्टल, दो तमंचे और कारतूस बरामद किए हैं।
इन बदमाशों को दबोचा
कर्ण पुत्र योगेंद्र निवासी गांव रणखंडी कोतवाली देवबंद।
कर्ण पुत्र रमेश निवासी गांव बेहड़ा थाना बड़गांव।
विकास उर्फ राहुल पुत्र यशपाल निवासी गांव घड़ी पट्टी जहाज वाला कस्बा थाना राजौंद जिला कैथल, हरियाणा।
सिकंदर पुत्र सूरजपाल निवासी गांव रणखंडी कोतवाली देवबंद।
काशी उर्फ आकाश पुत्र बीरबल निवासी सत्ती कॉलोनी थाना राजौंद जिला कैथल हरियाणा।
विशाल पुत्र अशोक निवासी गांव रणखंडी कोतवाली देवबंद।
आरिफ पुत्र जावेद निवासी हथछोया थाना झिंझाना शामली।
अमित पुत्र गिरधारी निवासी गांव आखेपुर थाना सरधना, मेरठ।
समिति का कर्मचारी है आरिफ
पकड़े गए बदमाशों में आरिफ समिति में ही कर्मचारी है। उसी ने रेकी की थी और बदमाशों को जानकारी दी समिति के सचिव नौ लाख रुपये की नगदी लेकर निकले हैं। इसके बाद बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया। आरोपी आरिफ की कॉल डिटेल के आधार पर ही पुलिस बदमाशों तक पहुंची है।
ग्रुरुग्राम में डालनी थी डकैती, खट्टा गैंग का सदस्य है अमित
बदमाशों ने बुधवार की रात में गुरुग्राम के पटौदी में एक सराफ के यहां करोड़ों रुपये की डकैती डालने वाले थे। साथ ही एक व्यक्ति की हत्या करने की भी सुपारी ली थी, लेकिन उससे पहले ही बदमाश पुलिस के हत्थे चढ़ गए। इनमें अमित राहुल खट्टा गैंग का शूटर है, जिसने पूर्व में हत्या की वारदात को भी अंजाम दिया है। इनके तीन साथी अभी फरार है, जिनकी गिरफ्तारी को पुलिस दबिश दे रही है। एसएसपी ने पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का ईनाम देने की घोषणा की है।
-----------------
अभिमन्यु -- आनंद