- शवयात्रा रोकने का मामला, अंत्येष्टि स्थल के लिए चिह्नित की जा रही जमीन
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। देहात कोतवाली क्षेत्र के गांव सकतपुर में अंत्येष्टि स्थल के लिए प्रशासन ने जमीन की तलाश शुरू कर दी है। सोमवार को रामपुर मनिहारान की तहसील टीम सकतपुर गांव में पहुंचेगी। अत्येष्टि स्थल नहीं होने के कारण अनुसूचित जाति के लोग खुले में ही अंतिम संस्कार करते हैं।
शुक्रवार को सकतपुर गांव में भूरा की पत्नी सोला की बीमारी के चलते मौत हो गई थी। इसके बाद परिजन व ग्रामीण अंतिम संस्कार के लिए शव को लेकर गांव में हिंडन नदी किनारे स्थित अंत्येष्टि स्थल जा रहे थे, तभी गांव के रहने वाले दूसरे समाज के कुछ लोगों ने खेत से शवयात्रा को निकलने का विरोध किया और आगे जाने से रोक दिया था। शवयात्रा रोकने का पता लगते ही रामपुर मनिहारान एसडीएम पूर्वा शर्मा, एएसपी मनोज कुमार यादव और कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची थी। तब पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों ने अंत्येष्टि स्थल पर बनाने का आश्वासन देकर तनाव के बीच अंतिम संस्कार कराया था। अब रामपुर मनिहारान तहसील टीम ने सकतपुर गांव में अत्येष्टि स्थल के लिए जगह चिह्नित करने की कार्यवाही शुरू कर दी है। गांव के बाहर ग्राम समाज की जमीन तलाशी जाएगी। इसके लिए सोमवार को टीम गांव में पहुंचेगी। जमीन मिलने के बाद अत्येष्टि स्थल बनाने की प्रक्रिया शुरू होगी।