सहारनपुर में देवबंद-मंगलौर रोड पर बुधवार की दोपहर उस समय अफरा तफरी मच गई जब हाईटेंशन और एलटी लाइन के तार टूटकर पात्ती से भरी ट्रैक्टर ट्राली पर गिर गए। पात्ती में भयंकर आग लग गई। मौके पर पहुंचे अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों ने बमुश्किल आग पर काबूू पाया।
मामला मंगलौर रोड पुलिस चौकी के समीप बुधवार की दोपहर करीब डेढ़ बजे हुआ। मिरगपुर निवासी धर्मेंद्र ट्रैक्टर ट्राली में पात्ती भरकर कोल्हू पर डालने जा रहा था। जब वह पुलिस चौकी के निकट पहुंचा तो किसी वाहन को बचाते समय ट्राली एलटी लाइन के खंभे से टकरा गई। इससे हाईटेंशन और एलटी लाइन के तार आपस में टकरा टूट गए और पात्ती से भरी ट्राली पर गिर गए।
तारों से उठी चिंगारी से पात्ती में आग लग गई। इससे अफरा तफरी मच गई। चालक धर्मेंद्र ने कूदकर अपनी जान बचाई। सूचना पर अग्निशमन विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे तथा आग बुझाने में जुट गए। घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। तब तक पात्ती जलकर राख हो चुकी थी। हादसे से मंगलौर रोड़ पर दोनों तरफ जाम लग गया। लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।