सहारनपुर में शहर में चौतरफा अवैध निर्माण हो रहा है। संकरी गलियों के साथ ही कोर्ट रोड जैसे क्षेत्र में भी आड़ में अवैध निर्माण चल रहा है। हालांकि बुधवार देर शाम नवीन सचदेवा के तीन मंजिला इमारत को सील कर दिया गया है।
हैरत की बात यह है कि सब जानते हुए भी सहारनपुर विकास प्राधिकरण के अधिकारी अनभिज्ञ बने हुए हैं। सूत्रों के अनुसार अवैध निर्माण कराने में विकास प्राधिकरण के अधिकारी और कुछ कर्मचारी भी मिले हुए हैं, जो अवैैध निर्माण कराने की एवज में मोटा धन ले रहे हैं। इससे सरकार को राजस्व की हानि हो रही है।
शहर में धड़ल्ले से अवैध निर्माण हो रहा है। पिछले करीब पांच साल में शहर में दर्जनों अवैध कॉलोनियां तैयार हुई हैं। इसके अलावा अवैध रूप से मार्केट, बेसमेंट और अन्य भवनों का निर्माण जारी है। अनेक मामलों में विकास प्राधिकरण ने अवैध रूप से बनने के बाद कॉलोनियों को कम्पाउंड किया जाता है।
यही वजह है कि शहर में 200 से अधिक अवैैध कॉलोनियां बन गई हैं। चर्चा यह भी है कि विकास प्राधिकरण के अधिकारी और कर्मचारी अवैध निर्माण कराने में मिले हुए हैं। पिछले कई महीने से कोर्ट रोड पर छोटी सी दुकान का निर्माण चल रहा है, जो चार मंजिला मंजिला बनाकर खड़ी कर दी गई है।
इसी रोड पर शोरूम के ठीक ऊपर अवैध तरीके से निर्माण कराया जा रहा है। निर्माण कराने वालों ने आगे बड़ा सा होर्डिंग्स भी लगाया है, ताकि अवैध निर्माण को छुपाया जा सके। आवास विकास में भी पहले तो विकास प्राधिकरण से अनुमति लेकर तीन मंजिला इमारत खड़ी कर दी गई, मगर बाद में तिरपाल लगाकर चौथी मंजिल का निर्माण अवैध रूप से करा दिया गया।
हालांकि बुधवार देर शाम नवीन सचदेवा के तीन मंजिला इमारत को सील कर दिया गया है। हैरत की बात यह है कि इस दुकान का निर्माण करीब चार महीने से चल रहा था, जिस पर विकास प्राधिकरण की नजर अब पड़ी। यह स्थिति तब है, जबकि यहां से सहारनपुर विकास प्राधिकरण का दफ्तर कुछ ही दूरी पर है। अधिकारियों की आवाजाही भी इस रोड पर रहती है।