फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Saharanpur News: झाड़-फूंक में लगे रहे परिजन, थम गईं युवती की सांसें

Thu, 12 Sep 2024 01:15 AM IST
मेरठ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सहारनपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
बड़गांव। जड़ौदा पांडा गांव में सर्पदंश से मधु 23 पुत्री विनोद की मौत हो गई। परिजन रात भर झाड़-फूंक के चक्कर में लगे रहे। हालत अधिक बिगड़ने पर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान युवती की मौत हो गई। युवती की दो दिसंबर को शादी होनी थी।
विज्ञापन

परिजनों ने बताया कि मधु मंगलवार रात बेड पर सो रही थी। इसी दौरान रात के समय सांप ने उसे कान पर डस लिया। थोड़ी देर में हालत बिगड़ती देख परिजनों को मामले का पता चला। वह रात में ही आनन-फानन में खुड़ाना गांव लेकर पहुंचे। जहां पर सांप काटने की देशी दवा देकर उल्टी कराई जाती है। कुछ देर बाद मधु को उल्टी हुई। इस पर दवा देने वाले ने यह कहकर घर भेज दिया कि अब जहर निकल गया है। घर जाकर बेसन की रोटी खिला देना। परिजन उसे घर लेकर आ गए और बेसन की रोटी खिला दी। इसके थोड़ी ही देर बाद युवती की हालत फिर से बिगड़ गई। परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। जहां उपचार के दौरान बुधवार दोपहर युवती की मौत हो गई।

दो दिसंबर को होनी थी शादी
मधु तीन भाई बहनों में सबसे बड़ी थी। उसका रिश्ता हो चुका था और दो दिसंबर को शादी होनी थी। परिवार में शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन मधु की मौत के बाद परिवार में मातम छा गया। ग्रामीणों का कहना है कि अगर परिजन झाड़-फूंक के चक्कर में न पड़ते तो शायद मधु की जान बच सकती थी।
विज्ञापन


सांप के काटने से घबराएं नहीं, सीधे अस्पताल पहुंचे
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रवीण कुमार ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में सांप के काटने पर ज्यादातर लोग झाड़-फूंक के चक्कर में पड़ जाते हैं। ऐसा बिल्कुल नहीं करना चाहिए। अगर किसी को सांप ने काट लिया है तो उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाना चाहिए, जिससे उसे समय से उपचार मिल सके। सरकारी अस्पतालों में एंटी वेनम वैक्सीन उपलब्ध है। करीब 95 फीसदी सांप जहरीले नहीं होते हैं। एक से दो प्रतिशत सांप काटते तो हैं, लेकिन वह जहर को अंदर नहीं छोड़ते। कुछ सांप ही जहरीले होते हैं, जिनके काटने पर अगर समय से इलाज नहीं मिलता तो जान जा सकती है।
विज्ञापन

-
इन बातों का रखें ध्यान
- सांप के काटने पर तुरंत पीड़ित को अस्पताल लेकर पहुंचे और चिकित्सक को दिखाएं।
- जहर फैलने से रोकने के लिए उस व्यक्ति को शांत रखें।
- सांप के काटने वाली जगह को ढीली और साफ पट्टी से ढक दें।
- घाव के आसपास कोई ज्वेलरी, धागा बंधा है तो तुरंत खोलकर हटा दें
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें