देहात में नहीं दिखा बंद का असर
सहारनपुर। देहात क्षेत्र में भारत बंद के आह्वान का कोई खास असर दिखाई नहीं दिया। प्रमुख कस्बों में बाजार रोजमर्रा की तरह ही खुले। गागलहेड़ी में जहां बाजार पूरी तरह बंद रहा, वहीं मिर्जापुर में भी आधे से ज्यादा दुकानें बंद रहीं।
तीतरो में कृषि कानून के विरोध में भारत बंद का कोई असर नहीं रहा। कस्बे में रोजमर्रा की भांति ही दुकानदारों ने अपने प्रतिष्ठानों को खोला। पुलिस ने सपा जिलाध्यक्ष चौ. रुद्रसैन को उनके आवास पर नजरबंद रखा। ग्राम महंगी में कुछ लोगों ने दुकानें बंद कराने का प्रयास किया परंतु पुलिस की सक्रियता के कारण दुकानें बंद नहीं हो सकी। बड़गांव में बंद का असर नहीं दिखाई दिया। इस क्षेत्र के जड़ौदापांड़ा, महेशपुर, सिरसली कला, अंबेहटाचांद, मौरा, शिमलाना आदि के बाजार सामान्य तौर पर खुले रहे।
नागल, नानौता, बिहारीगढ़ और छुटमलपुर में कुछ दुकानों को छोड़कर बाजार पूरी तरह खुले। जबरन बाजार बंद न कराया जाए, इसको लेकर पुलिस मुस्तैद रही। नकुड़, बेहट, अंबेहटा, चिलकाना में बंद का असर नहीं दिखा।
चिलकाना के गांव सीकरी खुर्द में राष्ट्रीय एकता संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष केएस मजाहिरी को समर्थकों सहित घर पर नजरबंद किया गया। राष्ट्रीय एकता संघ ने बंद का समर्थन किया। गंगोह में बंद का मिलाजुला असर रहा। यहां एक तिहाई दुकानें बंद रही।
रामपुर मनिहारान में भाकियू युवा (अखंड) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीरज चौधरी के नेतृत्व में इस्लामनगर रोड पर कुछ व्यापारियों ने अपनी दुकानें बंद कर भारत बंद में सहयोग दिया। हालांकि बाकी बाजार में बंद का असर नहीं दिखा। नगर अध्यक्ष सुरेश धीमान, जसवीर प्रधान, तकी चौधरी, जोनी चौधरी, जन्म सिंह, काका रहे।
मिर्जापुर में भाकियू लोकशक्ति कार्यकर्ताओं ने बाजार में घूम कर अपील की, जिसके बाद आधे से ज्यादा दुकान बंद रहीं। इसके बाद एसडीएम दीप्ति देव यादव और सीओ विजयपाल सिंह ने फोर्स के साथ पैदल मार्च किया। गागलहेड़ी में बाजार पूरी तरह बंद रहा।
तीतरो में रोजमर्रा की तरफ खुले बाजार- फोटो : SAHARANPUR
चिलकाना में खुला हुआ बाजार- फोटो : SAHARANPUR