रामपुर मनिहारान। ग्राम पंचायत सलेमपुर से इस बार नकली सिंह दरोगा ग्राम प्रधान निर्वाचित हुए हैं। उनकी प्राथमिकताओं में गांव में पंचायत भवन का निर्माण, ग्रामीणों को सस्ती दवाइयां उपलब्ध कराने के लिए प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र की स्थापना, किसानों को तकनीकी खेती के लिए प्रेरित करते हुए उन्हें अनुदान पर कृषि यंत्र दिलवा कर उनका जीवन स्तर ऊपर उठाना, युवाओं के लिए करियर काउंसिलिंग सेंटर की स्थापना और स्वच्छ पेयजल के लिए नलकूप और टंकी निर्माण कराना है। उन्होंने बताया कि गांव में इतिहास बन चुकी यहां स्थित पनचक्की को विकसित करने के साथ ही उनका सपना गांव को पर्यटन केंद्र के रुप में स्थापित करना है। ताकि दूर दराज के लोग यहां भ्रमण के लिए आ सकें। नकली सिंह बताते हैं कि इसके अतिरिक्त केंद्र और राज्य सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का क्रियान्वयन पूरी पारदर्शिता के साथ करते हुए पात्रों तक इनका ईमानदारी से लाभ पहुंचाया जाएगा।
---------------
प्रधान का प्रोफाइल
- नकली सिंह इंटर पास हैं और उप्र पुलिस से उपनिरीक्षक के पद से सेवानिवृत्त हैं।
- उनके बेटे संजय कुमार बीफार्मा, एमएसएसी, एमबीए और अखिल भारतीय पंचायत संगठन में जिला उपाध्यक्ष हैं।
------------
रामपुर मनिहारान ब्लॉक की अनुसूचित जाति बहुल इस ग्राम पंचायत की आबादी 4800 है। पूर्वी यमुना नहर के तट पर बसी इस ग्राम पंचायत में तीन मजरे सतीवाला, ढोलागढ़ और रामपुरी हैं। गांव में दूषित पेयजल बड़ी समस्या है। डेढ़ सौ फीट तक की गहराई का पानी खराब हो चुका है। सरकारी हैंडपंप ज्यादातर खराब पड़े हैं। गांव से शेरपुर तक जाने वाली नहर की पटरी खस्ताहाल है। इस पर आए दिन हादसे होते रहते हैं।