फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हैंडपंप उखाड़ने पर सियासत गरमाई

विज्ञापन
विज्ञापन
बेहट(सहारनपुर)। हैंडपंप उखाड़ने के मामले में सियासत गरमा गई है। एक तरफ हैंडपंप उखाड़ने की कार्रवाई को सही बताते हुए हिंदू संगठन और भाजपा नेताओं ने धरना प्रदर्शन कर कहा कि किसी के दबाव में अब वहां दोबारा हैंडपंप नहीं लगना चाहिए, कुछ लोग इस मुद्दे पर सांप्रदायिक तनाव पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं। वहीं, भीम आर्मी ने उसी स्थान पर दोबारा हैंडपंप लगवाने की मांग को लेकर धरना शुरू कर दिया है।
विज्ञापन

सोमवार को बजरंग दल, विहिप, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) व भाजपा से जुड़े लोग शाकंभरी रोड पर स्थित संघ कार्यालय पर इकट्ठा हुए और हैंडपंप पुन: स्थापित कराने संबंधी प्रशासन के आश्वासन के विरोध में जय श्री राम का उद्घोष करते हुए बेहट कोतवाली पहुंचकर धरना देकर बैठ गए। हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने हनुमान चालीसा का भी पाठ किया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ने उन्हें समझाने का प्रयास किया लेकिन, वे नहीं माने। बजरंग दल के प्रांत संयोजक विकास त्यागी ने कहा कि रास्ते में अवरोधक बन रहे हैंडपंप को प्रशासन ने हटवाया है, जो सही कार्य है, लेकिन कुछ नेता इसे राजनीतिक मुद्दा बनाकर सांप्रदायिक तनाव की स्थिति पैदा कर रहे है। भाजपा जिला उपाध्यक्ष सोनेंद्र राणा और आरएसएस के जिला प्रचारक अखिलेश ने कहा कि यदि प्रशासन ने किसी के दबाव में आकर हैंडपंप को पुन: उसी स्थान पर लगाया तो इसके परिणाम अच्छे नहीं होंगे।
इसी बीच एसडीएम दीप्ति देव यादव कोतवाली पहुंचे। उन्होंने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद उन्हें ज्ञापन देकर कार्यकर्ता वापस चले गए। विहिप के जिलाध्यक्ष नवाब सिंह, जिला व्यवस्था प्रमुख दिनेश सिंघल, बजरंग दल के जिला संयोजक हरीश कौशिक, कविंद्र पोसवाल, मनीष योगाचार्य, भाजपा के मंडल अध्यक्ष सुभाष सैनी, विजेंद्र सैनी आदि बड़ी संख्या में हिंदू संगठनों से जुड़े लोगों की मौजूदगी रही।
विज्ञापन

जनता का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं करेंगे: नौटियाल
हिंदू संगठनों के विरोध प्रदर्शन के बाद भीम आर्मी भी इस मामले में कूद पड़ी। हैंडपंप को हटवाए जाने के विरोध में भीम आर्मी ने उसी स्थान पर धरना शुरू कर दिया। धरने पर बैठे भीम आर्मी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मंजीत सिंह नौटियाल ने कहा कि प्रशासन सरकार के दबाव में गरीब जनता के खिलाफ काम कर रहा है। कितने ही परिवार इस हैडपंप से पानी लेते थे, लेकिन प्रशासन ने एक दुकानदार के कहने पर उनसे पानी पीने की व्यवस्था भी छीन ली। यह स्थिति किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन अपने वादे पर कायम रहे और हैंडपंप पुन: उसी स्थान पर लगवाएं अन्यथा देशव्यापी आंदोलन किया जाएगा। शाम तक धरना जारी था।
ये है मामला
बेहट कस्बा के मोहल्ला मनिहारान में सड़क किनारे लगा हैंडपंप हटवाने के लिए दुकानदार ने प्रार्थनापत्र दिया था और हैंडपंप को मार्ग पर अवरोधक बताते हुए इसे उखाड़ने की मांग की थी। रविवार को प्रशासन ने हैंडपंप उखड़वा दिया। मोहल्ले के लोगों ने हैंडपंप उखाड़ने का विरोध किया और फिर कांग्रेस विधायक नरेश सैनी व मसूद अख्तर धरने पर बैठ गए थे। पूर्व एमएलसी उमर अली खान, शायान मसूद व नगर पंचायत अध्यक्ष अब्दुल रहमान भी धरने में शामिल हुए थे। इनका कहना था कि हैंडपंप से अनेक लोगों को पेयजल मिलता था, एक दुकानदार के कहने पर हैंडपंप लगवाना उचित नहीं है। इसके बाद प्रशासन ने आश्वासन दिया था कि पुन: उसी स्थान पर हैंडपंप लगवाया जाएगा। इस आश्वासन के बाद विधायकों ने धरना समाप्त किया था।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें