सहारनपुर। टैक्स नहीं चुकाने पर नगर निगम ने बृहस्पतिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए दो मोबाइल टावर और 15 भवनों को सील किया। इसे लेकर संबंधित में खलबली रही।
कर अधीक्षक सुधीर शर्मा ने बताया कि बकाएदारों को लगातार नोटिस दिए जाने के बाद भी बकाएदार टैक्स जमा नहीं करा रहे हैं। नगरायुक्त के निर्देश पर बृहस्पतिवार को कर निर्धारण अधिकारी श्रुति महेश्वरी के नेतृत्व में नवीन नगर में दो मोबाइल टावरों को भी सील किया गया है। यह दोनों टावर बकाया टैक्स जमा नहीं करने के कारण सील किए गए। इनके अलावा मिशन कंपाउंड में एक व्यक्ति द्वारा 2,40,000 रुपये का टैक्स नहीं जमा करने पर उनके दो भवनों को सील किया गया।
मधुवन विहार में भी दो संपत्तियां सील की गई। कर अधीक्षक सुधीर शर्मा ने बताया की खत्ताखेड़ी में भी दो लाख रुपये से अधिक के बकाए के चलते आठ दुकानें सील की गई हैं। राजस्व विभाग द्वारा खाताखेड़ी में जैसे ही राज दुकान सील की कार्रवाई शुरू की गई वैसे ही बकायादारों ने मौके पर ही टैक्स जमा कराते हुए सील खुलवाई।