सहारनपुर में दीवानी कचहरी के बाहर बना नगर निगम का सार्वजनिक शौचालय सोमवार को कब्जामुक्त करा लिया गया। मगर, नगर निगम ने शौचालय के मुख्य द्वार पर ताला जड़ दिया है, जिससे शौचालय को बनाने का मकसद अब भी अधूरा ही है।
एक एनजीओ ने नगर निगम की अनुमति से ढाई साल पहले दीवानी कचहरी के बाहर सार्वजनिक शौचालय बनवाया था, जो आज तक चालू नहीं हो सका है। पिछले कई दिन से शौचालय का इस्तेेमाल भोजनालय के रूप में हो रहा था।
अमर उजाला ने सोमवार के संस्करण में इसे नगर निगम के शौचालय को बना दिया भोजनालय टाइटल के साथ प्रमुखता से प्रकाशित किया। नतीजा यह रहा कि नगर नगम के कर्मचारियों ने सोमवार को मौके पर पहुंचकर शौचालय को खाली करा लिया।
साथ ही शौचालय पर ताला जड़ दिया गया। यानी जिस मकसद के लिए शौचालय बनवाया गया था उसके जल्द पूरा होने की संभावना अभी भी कम ही है।