सहारनपुर। नकुड़ विकास खंड क्षेत्र के ग्राम सहजवी स्थित विद्यालय में कार्यरत शिक्षक और शिक्षिका पर बच्चों के सामने ही अशोभनीय व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए बीएसए से शिकायत की गई, जिस पर जांच बैठा दी गई है। वहीं, जिस शिक्षिका पर आरोप लगाया है, उनकी तरफ से एसएसपी से शिकायत कर अपमानित करने के लिए अमर्यादित भाषा वाला पत्र साजिशन वायरल करने का आरोप लगाया गया है।
बुधवार को ही गांव सहजवी के संदीप, सुभाष, राज सिंह, शक्ति, विनोद आदि ने विद्यालय की एक शिक्षिका और शिक्षक के खिलाफ शिकायतपत्र दिया। उसमें आरोप लगाया कि उक्त शिक्षक, शिक्षिका विद्यालय में अशोभनीय व्यवहार करते हैं और आपत्तिजनक स्थिति में भी पकड़े जा चुके हैं। इससे विद्यालय का माहौल खराब होता है। इनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई। बीएसए ने इस शिकायत पर खंड शिक्षा अधिकारी विनोद मेहरा और प्रमोद कुमार शर्मा को जांच करके तीन दिन के भीतर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया।
वहीं, बृहस्पतिवार को दूसरे पक्ष की शिक्षिका ने एसएसपी दफ्तर पहुंचकर शिकायती पत्र दिया। उसमें बताया कि विद्यालय की एक शिक्षिका के खिलाफ पूर्व में एससी/एसटी कोर्ट से रिपोर्ट दर्ज करने का आदेश हुआ था। आरोप है कि उसी रंजिश के चलते उसके खिलाफ गांव में कुछ लोगों से साजिश के तहत बीएसए को शिकायत करा दी। उक्त शिक्षिका का आरोप है कि बीएसए से शिकायत और जांच के आदेश वाले दोनों पत्रों को सोशल मीडिया पर साजिशन वायरल किया गया, ताकि उसे अपमानित किया जा सके। इन्होंने मामले में जांच कराकर कानूनी कार्रवाई कराने की मांग की है।