सहारनपुर के देवबंद में विवादास्पद पाकिस्तानी लेखक तारिक फतेह के प्रतिविरोध थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार को मुस्लिम समाज ने तारिक फतेह के खिलाफ थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
साथ ही केंद्र सरकार से एक निजी चैनल पर फतेह के संबंध में प्रसारित होने वाले कार्यक्रम पर पाबंदी लगाने की मांग की है। रविवार को मौलाना नदीमुल वाजदी व कांग्रेस पार्टी के पूर्व नगर अध्यक्ष राहत खलील के नेतृत्व में मुस्लिम समाज के लोगों ने कोतवाली पहुंचकर तारिक फतेह के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी।
आरोप लगाया गया है कि पाकिस्तान और कनाडा से निकाले गए विवादास्पद लेखक तारिक फतेह एक निजी न्यूज चैनल पर प्रसारित होने वाले कार्यक्रम में फतेह अनर्गल बयानबाजी कर मुस्लिम समाज की भावनाओं को भड़काने का काम कर रहा है, जिसे किसी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।
कहा कि मजहब-ए-इस्लाम को लेकर तारिक फतेह की झूठी टिप्पणियों से मुस्लिम समाज को ठेस पहुंच रही है। इसलिए शीघ्र फतेह के खिलाफ कानूनी कार्रवाई नहीं की गई तो इसके गंभीर परिणाम भी भुगतने पड़ सकते हैं।
इसके साथ ही उन्होंने केंद्र सरकार से देशहित को ध्यान में रखते हुए न्यूज चैनल के कार्यक्रम पर पाबंदी लगाने और तारिक फतेह को हिंदुस्तान से बाहर निकाले जाने की मांग की है।
इस मौके पर आमिर उस्मानी, अधिवक्ता तहसीन खां, हसीम सिद्दीकी, शौकत खां, बिलाल सिद्दीकी, सुहैल अहमद, नदीम सिद्दीकी, मौलवी महमूद, मौलाना मेहंदी हसन ऐनी कासमी और राहिल उस्मानी आदि मौजूद रहे।
वहीं, मुस्लिम समाज से तहरीर लेने वाले एसएसआई राजीव यादव ने बताया कि उक्त तहरीर को जिलाधिकारी को भेज दिया गया है। कार्रवाई के लिए शासन को इसकी रिपोर्ट भेजी जाएगी।