संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। आयुष ने पेपर मिल रोड पर दुकान किराए पर ली हुई है। जीआईएस सर्वे के बाद दुकान के मालिक को 9,102 रुपये के बिल का नोटिस मिला है। दुकान स्वामी ने आयुष को नोटिस थमाते हुए बिल जमा कराने को कहा है। महानगर में बड़ी संख्या में व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के स्वामियों ने इसी तरह बढ़े टैक्स का बोझ किराए पर दुकान चलाने वालों पर डाल दिया है। जीआईएस सर्वे के बाद अनेक व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का गृहकर एवं जलकर कई गुणा तक बढ़ा है। व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के स्वामी बढ़े टैक्स का बोझ किराएदारों पर डाल रहे हैं। इसे लेकर कई बाजारों में भवन स्वामियों और किराएदारों के बीच तनातनी है। कुछ जगहों पर दुकानदारों ने दुकान स्वामियों की पीड़ा को समझते हुए समझौता किया है। दालमंडी पुल पर एक कॉम्प्लैक्स में 70 दुकानें हैं। जीआईएस सर्वे के बाद टैक्स बढ़ने पर कॉम्प्लैक्स स्वामी ने किराया बढ़ाने की बात रखी।
इस पर दुकानदार राजी नहीं हुए। उन्होंने निर्णय लिया कि प्रत्येक दुकानदार टैक्स के नाम पर प्रत्येक वर्ष दो हजार रुपये देगा। उधर, जिस दिन आवासीय भवन स्वामियों को नोटिस जाएंगे और टैक्स बढ़ेगा ताे यही स्थिति आवासीय भवनों में किराएदारों के सामने भी आएगी। कर अधीक्षक सुधीर शर्मा का कहना है कि जीआईएस सर्वे के बाद वास्तविक टैक्स लगा है। यदि किसी को लगता है कि गलत है तो आपत्ति दर्ज करा सकते हैं।