संवाद न्यूज एजेंसी
तीतरो। निर्माणाधीन शामली-अंबाला हाईवे पर विद्युत केबल बाॅक्स फटने से नगर, ग्रामीण क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति 30 घंटे से ठप पड़ी है। बिजली न आने से लोग पेयजल तक के लिए तरस गए हैं।
गांव पूजना के पास शामली-अंबाला हाईवे का निर्माण कार्य चल रहा है। निर्माण कार्य के दौरान शनिवार दोपहर के वक्त हाईटेंशन लाइन के अंडरग्राउंड केबल में पानी चले जाने के कारण फाल्ट होकर बाॅक्स फट गया। इससे नगर एवं ग्रामीण क्षेत्र के गांव पापड़ी, आसफगढ़, पूजना, बेरखेड़ी, ककराला, सालियर, बाल्लू, मौहम्मदपुर गुर्जर, खानपुर अफगान, ठोल्ला फतेहपुर सहित दर्जन भर गांव की विद्युत आपूर्ति ठप होकर रह गई। रविवार शाम तक भी आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी थी। ग्रामीणों में रामपाल, सुरेश, महेंद्र सिंह, सालीम, पहलसिंह, मांगेराम आदि का कहना है कि पिछले 30 घंटों से विद्युत आपूर्ति न होने से लोगों को पेयजल सहित तमाम सुविधाओं के लिए तरसना पड़ रहा है। विद्युत सप्लाई न होने से दुकानदारों के काम धंधे भी ठप पड़े हैं। ग्रामीणों का कहना है कि तीतरो क्षेत्र की सप्लाई आंधी-तूफान के बगैर भी रोजाना ही खराब हो जाती है। उन्होंने लाइन लाॅस ठीक कराकर स्थायी समाधान कराने के साथ ही विद्युत आपूर्ति सुचारू करने की मांग की है। उधर, एसडीओ अंकुर वर्मा ने बताया कि जल्दी ही आपूर्ति सुचारू हो जाएगी।