नागल में दुर्घटनाग्रस्त हुई थार गाड़ी। संवाद
नागल(सहारनपुर)। गागलहेड़ी-मुजफ्फरनगर स्टेट हाईवे पर चौधरी पेट्रोल पंप के निकट सड़क पर बने कट पर ट्रैक्टर-ट्राॅली की टक्कर से अनियंत्रित हुई थार सड़क किनारे नाले में जा गिरी। ग्रामीणों ने थार सवार चार युवकों को बमुश्किल बाहर निकाल कर सीएचसी भर्ती कराया। वहां से चिकित्सकों ने तीन को जिला अस्पताल रेफर कर दिया जहां उपचार के दौरान आकाश (24) पुत्र मोहन निवासी डंकोवाली देवबंद की मौत हो गई।
हादसा सोमवार शाम करीब छह बजे हुआ। थाना देवबंद के गांव डंकोवाली निवासी आकाश अपने साथी गौरव निवासी सुनैहटी खरकड़ी, दिशांत राठी निवासी गांव गदरहेड़ी और आईआईएमटी कोटा के प्रो. भूपेंद्र निवासी पिंजोरा बादशाहपुर के साथ थार से किसी काम से मेरठ स्थित चौधरी चरण सिंह यूनिवर्सिटी गए थे। वहां से लौटते समय स्टेट हाईवे पर नागल के निकट कट पर एक ट्रैक्टर-ट्राॅली से थार की टक्कर हो गई। इससे थार अनियंत्रित होकर गड्ढे में जा गिरी।
हादसे में थार सवार चारों गंभीर रूप से घायल हो गए। चिकित्सकों ने गंभीर हालत के चलते गौरव, भूपेंद्र व आकाश को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां उपचार के दौरान आकाश ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। हादसे के जिम्मेदार ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक की तलाश की जा रही है।