सहारनपुर। प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी) परीक्षा आज से 17 केंद्रों पर शुरू हो रही है। दो दिन चलने वाली परीक्षा की चार पालियों में कुल 23,614 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा के सफल आयोजन के लिए प्रशासन स्तर से कड़े बंदोबस्त किए गए हैं।
दोनों दिन परीक्षा दो-दो पालियों में होगी। पहली पाली सुबह 9:30 बजे से पूर्वाह्न 11:30 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 2:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक चलेगी। केंद्रों पर एंट्री एक घंटा पहले शुरू होगी। परीक्षा की सभी तैयारियां पहले ही पूरी की जा चुकी हैं। साथ ही परीक्षा में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को रोकने के लिए प्रशासन द्वारा कड़े इंतजाम किए गए हैं।
इसके लिए एंट्री के दौरान अभ्यर्थियों की गेट पर ही गहन तलाशी होगी। महिला अभ्यर्थियों की तलाशी केवल महिला कर्मचारी और पुरुष अभ्यर्थियों की तलाशी पुरुष कर्मचारी लेंगे।
मोबाइल, किसी प्रकार का बैग, स्मार्ट वॉच, इयर फोन, किसी प्रकार का गैजेट या किसी भी प्रकार की इलेक्ट्रिक डिवाइस ले जाने पर पाबंदी रहेगी।
प्रत्येक केंद्र पर भारी पुलिस बल रहेगा। इसके अलावा मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं, जो केंद्रों पर व्यवस्था संभालने के साथ ही परीक्षा सामग्री को केंद्रों तक सुरक्षित पहुंचाने और परीक्षा के बाद वापस सुरक्षित स्थान पर पहुंचवाने का काम करेंगे। परीक्षा सीसीटीवी की निगरानी में होगी।
अधिकारियों के दल केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्था पर नजर रखेंगे। साथ ही 200 मीटर के दायरे में साइबर कैफे, फोटो स्टेट आदि दुकानें परीक्षा अवधि में बंद रखी जाएगी। किसी भी स्तर की गड़बड़ी पर संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई का प्रावधान है।