राजकीय मेडिकल कॉलेज के ओपीडी के बाहर धरना देते अस्थाई कर्मचारी
- फोटो : SAHARANPUR
सरसावा (सहारनपुर)। मेडिकल कॉलेज में कोरोना काल में विशेष ड्यूटी पर रखे गए अस्थाई कर्मचारियों ने हटाने का विरोध करते हुए जोरदार प्रदर्शन करते हुए ओपीडी गेट पर धरना दिया।
बृहस्पतिवार को राजकीय मेडिकल कॉलेज के करीब दो सौ कर्मचारी नारेबाजी करते हुए ओपीडी के मुख्य गेट पर धरना देकर बैठ गए। कर्मचारी अनुज ने बताया कि उन्हें कोरोना काल में ड्यूटी के लिए रखा गया था परंतु अब अकारण उन्हें हटाया जा रहा है, जबकि उन्होंने कोरोना काल में पूरी ईमानदारी के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन किया था। ऐसा व्यवहार करने से उनके सामने जहां रोजगार का संकट खड़ा हो जाएगा वहीं उनके परिवार भी प्रभावित होंगे। कर्मचारियों ने कहा कि प्रदेश सरकार के रोजगार देने के दावे को भी मेडिकल कॉलेज प्रशासन ताक पर रख रहा है। वहीं कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अरविंद त्रिवेदी ने बताया कि सभी कर्मचारी निवर्तमान प्राचार्य दिनेश सिंह मार्तोलिया के कार्यकाल में रखे गए थे। उनके संज्ञान में लाया गया है कि कोरोना काल की विषम परिस्थितियों से निपटने के लिए जिलाधिकारी के विशेष निर्देश पर सभी कर्मचारी अस्थाई रूप से लखनऊ की आउटसोर्सिंग कंपनी प्रिंसिपल सिक्योरिटी के माध्यम से रखे गए थे। इनमें 93 स्वीपर, 93 वार्ड बॉय, 10 सुपरवाइजर तथा तीन लिफ्टमैन थे। साथ ही सभी कर्मचारियों ने अस्थाई नियुक्ति के लिए कंपनी को शपथ पत्र भी सौंपा था। प्राचार्य ने बताया कि अब करीब 2 माह से कोविड-19 कोई मरीज नहीं है। ऐसे में कर्मचारियों को रखने का कोई औचित्य नहीं बनता है। अस्थाई कर्मचारियों को बुलाकर दो बार वार्ता कर उनके सामने समस्त स्थिति रख दी गई है।