ट्रेन समीप आती देख लोगों ने शोर मचाया, कान में लीड लगी होने से वह नहीं सुन सका
नागल(सहारनपुर)। चलती ट्रेन के साथ सेल्फी लेना एक किशोर को भारी पड़ गया। उसे ट्रैक पर देखकर राहगीरों ने शोर भी मचाया, लेकिन वह कानों में लीड लगी होने के कारण उनकी आवाजें नहीं सुन सका और ट्रेन की चपेट में आ गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। किशोर की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है।
थाना गागलहेड़ी क्षेत्र के गांव कैलाशपुर निवासी अथर(14) पुत्र असलम नागल कस्बे में अपने रिश्तेदार लतीफ के यहां शादी समारोह में शामिल होने आया था। रविवार शाम करीब 6 बजे वह अपने एक साथी के साथ रेलवे स्टेशन पर घूमने चला गया। वह कानों में लीड लगाकर रेलवे ट्रैक पर चलने लगा। इसी दौरान पीछे से सहारनपुर की ओर से अहमदाबाद एक्सप्रेस आ गई। ट्रेन को देख कर उसने उसके साथ सेल्फी लेने के लिए फोन निकाला तथा ट्रैक के किनारे चलते चलते सेल्फी लेने लगा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रेलवे स्टेशन पर बैठे मुसाफिरों ने ट्रेन एकदम उसके समीप आने पर जोर जोर से आवाज भी लगाई, लेकिन कान में लगी लीड के कारण वह उनकी आवाजें नहीं सुन सका और ट्रेन चपेट में आ गया। उसकी मौके पर मौत हो गई। हादसे के बाद उसका साथी मौके से फरार हो गया। सहायक स्टेशन मास्टर मोहकम सिंह ने बताया कि घटना की सूचना जीआरपी को दे दी गई है। इसी दौरान मौके पर पहुंचे परिजन बिना किसी कार्रवाई के शव को अपने साथ ले गए।