सहारनपुर। बुखार के चलते किशोर की मौत हो गई। इसके अलावा बीते दो दिन में डेंगू के 19 नए मामले सामने आए हैं। जिनके बाद अभी तक मिले डेंगू के मरीजों की संख्या 376 पर पहुंच गई है।
वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. संजीव मिगलानी और डॉ. नैना मिगलानी के पुत्र प्रियांश (13 साल) को बुखार के साथ ही उल्टियों की शिकायत थी। जांच में प्लेलेट्स भी करीब 80 हजार आई थी। लगातार तबीयत बिगड़ने पर प्रियांश को देहरादून के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहां इलाज के दौरान तीन नवंबर की रात प्रियांश ने दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही शहर के कईं चिकित्सक और मिगलानी परिवार के रिश्तेदार व परिचित रंजीत नगर स्थित उनके निवास पर पहुंच गए। देर रात 12:30 बजे प्रियांश का शव देहरादून से रंजीत नगर स्थित उनके निवास पर पहुंचा। चार नवंबर की सुबह करीब साढ़े आठ बजे नुमाइश कैंप स्थित श्मशान घाट पर प्रियांश का अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान शहर भर के चिकित्सक, राजनीतिक लोग और समाजसेवी मौजूद रहे।
उधर, बीते दो दिन में डेंगू के 19 मरीज मिले हैं। इनमें 11 मरीज चार नवंबर को मिले, जबकि आठ मरीज पांच नवंबर को मिले हैं। इनके साथ ही जनपद में डेंगू के मरीजों का आंकड़ा 376 पर पहुंच गया है। यह वह मरीज हैं, जिनकी पुष्टि चिकित्सा विभाग ने की है। जिला मलेरिया अधिकारी शिवांका गौड़ ने बताया कि जो भी डेंगू के मरीज मिल रहे हैं। उनके घरों पर टीमें भेजकर परिजनों की जांच कराई जा रही हैं। किशोर की मौत की जानकारी नहीं होने की बात कही।