गंगोह। सीबीएसई द्वारा गणित शिक्षण के क्षेत्र में नवाचार और रचनात्मक दृष्टिकोण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नामदेव पब्लिक स्कूल में कार्यशाला आयोजित की गई।
इसमें विभिन्न विद्यालयों के लगभग 15 गणित शिक्षकों ने सहभागिता की। उन्होंने तकनीकी व वैज्ञानिक तरीकों से गणित जैसे जटिल विषय को छात्रों के लिए सहज, रोचक व प्रेरणादायक बनाने के उपायों पर शोधपत्र प्रस्तुत किए। कार्यशाला में भाग लेने वाले विद्यालयों में गंगोह से नामदेव पब्लिक स्कूल, गीता ज्ञान संस्कार एकेडमी, सिल्वर ओक पब्लिक स्कूल, विश्वामित्र इंटरनेशनल स्कूल, अंबेहटा से आर्यन इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल, रामपुर से बिल क्लिंटन इंटरनेशनल स्कूल तथा नकुड़ से एमडीएवी पब्लिक स्कूल शामिल रहे। निर्णायक मंडल में प्रधानाचार्य विनू शर्मा, जया, रजनी तथा शोभित यूनिवर्सिटी के रसायन विभागाध्यक्ष डॉ. नवीन शामिल रहे। कार्यक्रम का संचालन छात्रा वैष्णवी मोहन और शिक्षिका अरुणा ने संयुक्त रूप से किया।