सहारनपुर। कस्बा देवबंद निवासी गौतम त्यागी ने मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायतीपत्र डालकर आरोप लगाया कि एक होमगार्ड निलंबित होने के बावजूद वर्दी पहनकर घूमता है। आरोप है कि उसके खिलाफ आपराधिक मामला भी पूर्व में दर्ज है, लेकिन गिरफ्तारी नहीं की जा रही है।
गौतम त्यागी ने बताया कि पूर्व में जब आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत की गई थी तो होमगार्ड के जिला कमांडेंट ने 28 फरवरी को उसका जवाब दाखिल किया था, जिसमें होमगार्ड के खिलाफ नोटिस जारी कर ड्यूटी से निलंबित करना बताया था। इसके बाद भी होमगार्ड को ड्यूटी से नहीं हटाया गया तो फिर से पोर्टल पर शिकायत डाली गई। इस पर 22 अगस्त को होमगार्ड के जिला कमांडेंट ने लिख दिया कि शिकायतीपत्र का निस्तारण कर जवाब पूर्व में दे दिया गया है।
गौतम त्यागी का कहना है कि निलंबन अवधि में भी वर्दी पहनकर घूमने पर होमगार्ड के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया जाना चाहिए था। जिलाधिकारी भी इस प्रकरण में सात दिन के भीतर जांच करके आख्या देने का निर्देश दे चुके हैं। गौतम त्यागी का कहना है कि अब फिर से आईजीआरएस पोर्टल पर फीडबैक डालने के बाद पांच सितंबर को आख्या भेजने में विषय ही बदल दिया। उधर, होमगार्ड जिला कमांडेंट तेज प्रकाश का कहना है कि इस मामले में पहले भी पोर्टल पर जवाब दिया जा चुका है। शिकायत के आधार पर जांच के दौरान निलंबन तो हो सकता है मगर निष्कासित करने का नियम नहीं है।