मुरादाबाद में गिरफ्तार संदिग्ध आतंकी हारिश अली का घर के बाहर मंगलवार को स्थानीय लोगों की भीड़ लगी रही। घर पर ताला लटका था। घर के अंदर कोई मौजूद नहीं था। बताया जा रहा है कि परिवार के सदस्य घटना की जानकारी मिलने के बाद कहीं और चले गए हैं।
पड़ोसियों ने बात करने पर बताया कि हारिश का परिवार मानकमऊ में पीढ़ियों से रह रहा है। उसके दादा, परदादा न केवल आईटीसी कंपनी में काम करते थे, बल्कि क्षेत्र के प्रमुख जमींदारों में भी गिने जाते थे। हारिश के पिता रियासत अली भी आईटीसी में टेक्नीशियन के पद कार्यरत हैं।
बताया कि वह रोजाना सुबह ड्यूटी पर निकल जाते हैं और शाम को ही घर लौटते हैं। हारिश की मां गृहिणी हैं, जो घर की जिम्मेदारियां संभालती हैं। परिवार के अन्य सदस्यों की बात करें तो उसका बड़ा भाई डॉ. आकिफ एमबीबीएस, एमडी डॉक्टर है और लखनऊ में कार्यरत हैं।
वहीं उसकी बहन अरफा महाराष्ट्र में रहकर एमबीबीएस की पढ़ाई कर रही है। फिलहाल, हारिश के घर पर ताला लटका होने और परिवार के गायब होने से कई सवाल खड़े हो रहे हैं, जिनका जवाब जांच पूरी होने के बाद ही सामने आ सकेगा।
पड़ोसी भी हैरान, पढ़ा-लिखा है पूरा परिवार
मानकमऊ में करीब 200 गज में रियासत अली का मकान बना है। उन्हें संपन्न परिवार के रूप में जानते हैं। हालांकि हारिश की गिरफ्तारी के बाद पूरे क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और लोग तरह-तरह की बातें कर रहे हैं। घर में सीसीटीवी भी लगे हुए हैं।
पड़ोसी भी हारिश की गिरफ्तारी के बाद से हैरान हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में हर पहलू पर जांच की जा रही है। मंगलवार को एटीएस, स्थानीय पुलिस और एलआईयू ने हारिश के घर पहुंचकर पड़ोसियों से आवश्यक जानकारी जुटाई है।
स्थानीय पुलिस और एलआईयू को नहीं लगी भनक
जिले में पहले भी संदिग्ध आतंकी पकड़े जा चुके हैं, जो कई वर्षों से अलग-अलग क्षेत्रों में रहे थे। अब सहारनपुर निवासी संदिग्ध आतंकी हारिश अली की मुरादाबाद से गिरफ्तारी हुई। वह दो साल से मुरादाबाद में बीडीएस की पढ़ाई करने गया था।
वह बीच में घर पर आया, लेकिन स्थानीय पुलिस और एलआईयू को उसकी भनक तक नहीं लगी। इससे पहले जम्मू-कश्मीर पुलिस ने मानकमऊ से ही संदिग्ध आतंकी डॉ. आदिल को गिरफ्तार किया था। उसका भी आतंकी कनेक्शन निकला था।