सहारनपुर। जनपद में पिछड़ी गेेहूं खरीद को अब मोबाइल क्रय केंद्रों का सहारा है। लक्ष्य को पूरा करने की जद्दोजहद में जुटा विभाग ग्राम प्रधानों और उचित दर विक्रेताओं के माध्यम से किसानों से गेहूं खरीद कराएगा। जिसे ट्रक से सीधे गोदाम में भेजा जाएगा। विभाग को उम्मीद है कि इस नई व्यवस्था से गेहूं की सरकारी खरीद में तेजी आएगी।
किसानों को फसलों का न्यूनतम समर्थन मूल्य दिलाने के लिए सरकार गेहूं की खरीद कराती है। इसके लिए जनपद में 92 क्रय केंद्र बनाए गए हैं। बाजार में बढ़िया भाव होने के चलते इस बार सरकारी क्रय केंद्रों पर गेहूं कम आ रहा है। इसके चलते अब तक लक्ष्य का मात्र 3.5 प्रतिशत ही गेहूं खरीद हो सकी है। जनपद को 1,16,000 मीट्रिक टन गेहूं खरीदने का लक्ष्य दिया है। गेहूं खरीद शुरू हुए 30 दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक मात्र 4003 मीट्रिक टन गेहूं ही खरीदा जा सका है। गत सीजन में इस अवधि में 24,332 मीट्रिक टन गेहूं खरीद हुई थी। इस देखते हुए खाद्य एवं विपणन विभाग गांव-गांव टीम भेजकर गेहूं खरीद कराएगा। इसके लिए ग्राम प्रधान एवं उचित दर विक्रेताओं का सहारा लिया जाएगा। उन्होंने सभी केंद्र प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि जिस भी गांव में एक ट्रक गेहूं खरीद की संभावना हो वहां टीम भेजकर गेहूं की खरीद करायी जाए।
अभी 1404 किसानों से हुई खरीद
जनपद में अब तक मात्र 1404 किसानों ने ही सरकारी क्रय केंद्रों पर गेहूं की बिक्री की है। उन्होंने 4003 मीट्रिक टन गेहूं क्रय केंद्रों पर बेचा। इनमें से 1110 किसानों को भुगतान हो चुका है। अब तक खरीदे गए गेहूं के मूल्य का 81 प्रतिशत भुगतान किसानों के खातों में भेज दिया गया है।
गेहूं की सरकारी खरीद कराने के लिए मोबाइल क्रय केंद्रों को सक्रिय किया जा रहा है। गेहूं खरीद संबंधी किसी भी समस्या के निस्तारण के लिए किसान दूरभाष नंबर- 0123-2664203 पर संपर्क कर सकते हैं। - संजीव कुमार राय, जिला खाद्य विपणन अधिकारी