सहारनपुर। गन्ना विभाग ने 27 अक्तूबर से शुगर मिलों में पेराई सत्र प्रारंभ कराने की कवायद तेज कर दी है। इसके चलते जिला गन्ना अधिकारी ने चीनी मिलों का निरीक्षण कर मरम्मत की स्थिति का जायजा लिया और 15 अक्तूबर तक मेंटीनेंस पूरा करने के निर्देश दिए। गन्ना सुरक्षण के लिए सभी समितियों से प्रस्ताव मांगे गए हैं। लखनऊ में होने वाली सुरक्षण बैठक में गन्ना क्रय केंद्रों और गन्ना आवंटन को अंतिम रूप दिया जाएगा।
गन्ना विभाग 27 अक्तूबर से नए पेराई सत्र को शुरू कराने की तैयारी में जुटा हुआ है। इसको लेकर डीसीओ लगातार मिलों में चल रहे मरम्मत कार्यों की समीक्षा करने के साथ ही मिलों का निरीक्षण भी कर रहे हैं। बृहस्पतिवार को भी जिला गन्ना अधिकारी ने नानौता चीनी मिल का निरीक्षण किया, जबकि बुधवार को उन्होंने सरसावा शुगर मिल का निरीक्षण किया था। सरसावा मिल प्रबंधक ने डीसीओ को बताया कि 17 अक्तूबर तक तीनों बायलर तैयार हो जाएंगे। मिल 25 अक्तूबर तक चलने के लिए तैयार हो जाएगी। नानौता मिल के प्रबंधन ने डीसीओ को बताया कि बायलर का कार्य 24 अक्तूबर तक पूरा हो जाएगा। मेन हाउस की ट्यूब गुजरात से 30 अक्तूबर तक आएगी। इस पर डीसीओ ने मेंटीनेंस कार्य में तेजी लाकर मिल को 27 अक्तूबर तक चलाने के निर्देश दिए। जिला गन्ना अधिकारी कृष्ण मोहन मणि त्रिपाठी ने बताया कि सभी मिलों को 15 अक्तूबर तक मेंटीनेंस का तमाम कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए गए हैं। मरम्मत कार्यों में पिछड़ रही चीनी मिलों को इसमें तेजी लाने के लिए कहा गया है। गन्ना विभाग का पूरा प्रयास 27 अक्तूबर तक चीनी मिलों में पेराई सत्र की शुरूआत कराने की है।