ब्याज सहित गन्ने का भुगतान किसानों को करे चीनी मिल
साढ़ौली कदीम(समारोह)। भाकियू अंबावत के जिला प्रभारी पद्म प्रकाश शर्मा ने कहा कि गन्ने का बकाया भुगतान ब्याज सहित किसानों को जल्द मिलना चाहिए। पिछले एक वर्ष से किसान अपनी फसल मिल को बेच भुगतान के लिए तरस रहे हैं।
रविवार को क्षेत्र के गांव मंझाडी में किसानों की बैठक में भारतीय किसान यूनियन अंबावत के जिला प्रभारी पद्म प्रकाश शर्मा ने कहा कि किसान चीनी मिल को वर्ष भर मेहनत कर तैयार की गई अपने गन्ने की फसल को देता है लेकिन मिल प्रबंधन उसे उसकी फसल का भुगतान भी समय पर नहीं करता है। जबकि किसान को अपने बिजली बिल, कृषि कार्ड, कृषि उपकरण एवं खाद, बीज सहित अन्य कर्ज पर ब्याज सहित रकम का भुगतान करना पड़ता है। सरकार को चाहिए कि वह अन्नदाता की स्थिति का ध्यान में रख फसल के भुगतान के बाद ही उसके किसी भी प्रकार के कर्ज पर ब्याज वसूल करें अन्यथा उसकी फसल का नकद भुगतान करें। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष के गन्ने के बकाया भुगतान को सरकार ब्याज सहित चीनी मिलों से किसानों को दिलाए। उन्होंने कहा कि पिछले पांच वर्षों से बंद पड़ी शाकंभरी शुगर मिल टोडरपुर को चलाये जाने के लिए संगठन जल्द ही कोई महत्वपूर्ण निर्णय लेगा। इसमें रामकुमार, केतन काम्बोज, बिरमपाल सिंह, कार्तिक, सुखपाल सिंह, बिरजपाल, केहर सिंह, बिशम्भर सिंह, हाजी यूसुफ, अफजाल पोसवाल, इरशाद, चौ. माजिद आदि मौजूद रहे।