चिलकाना थाने में सीओ तथा थाना प्रभारी के साथ पुरातन अपराधी ।
- फोटो : SAHARANPUR
चिलकाना (सहारनपुर)। पुलिस ने पुराने अपराधियों का सत्यापन कार्य शुरू कर दिया है। इस सत्यापन में देखा गया है कि कोई पुराना अपराधी इस समय भी अपराध में लिप्त तो नहीं है।
रविवार को थाना चिलकाना में सीओ सदर रजनीश कुमार उपाध्याय ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के आदेशानुसार जनपद में पुराने अपराधियों के सत्यापन का कार्य चल रहा है। इस राष्ट्रीय अभियान के अंतर्गत थाना क्षेत्र के सभी पुराने अपराधियों को जो लूट, चोरी, वाहन चोरी, नकबजनी आदि विभिन्न मामलों में जेल जा चुके हैं। उन सभी अपराधियों का थाने बुलाकर भौतिक सत्यापन किया जा रहा है। सभी पुरातन अपराधियों को थाने में बुलाकर उनसे गहनता से पूछताछ की जा रही है। सभी पुराने अपराधियों ने सीओ सदर तथा थाना प्रभारी को विश्वास दिलाया कि उन्होंने किसी भी तरह का अपराध करना छोड़ दिया है। इतना ही नहीं भविष्य में भी वह किसी तरह का अपराध नहीं करेंगे। थाना प्रभारी मनोज चौधरी ने बताया कि 15 साल पुराने करीब 14 पुरातन अपराधियों ने विश्वास दिलाया है कि वह भविष्य में अपराध नहीं करेंगे तथा पुलिस का सहयोग करेंगे।