सहारनपुर। सत्यापन के नाम पर पांच हजार रुपये की रिश्वत लेने के मामले में एसएसपी ने उप निरीक्षक अमित प्रसाद को निलंबित कर दिया है। इसके साथ ही पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
सोशल मीडिया पर एक वीडियो हो रहा है। वीडियो में दिख रहे पुलिसकर्मी की पहचान कोतवाली मंडी में तैनात उप निरीक्षक अमित प्रसाद के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि उप निरीक्षक किसी व्यक्ति से सत्यापन के नाम पर पांच हजार रुपये की रिश्वत ले रहा था। वीडियो वायरल होने के बाद एसएसपी आशीष तिवारी ने मामले का संज्ञान लिया। इसके बाद एसएसपी ने उप निरीक्षक को निलंबित करते हुए जांच बैठा दी है।
एसएसपी का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। कहा कि किसी भी पुलिसकर्मी द्वारा भ्रष्टाचार या अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उप निरीक्षक वर्तमान में कंबोह कटहरा पुलिस चौकी प्रभारी थे।